हत्या करके लटकाने का जताया संदेह, महामाया पहाड़ में मिला था सड़ा-गला शव  

अंबिकापुर। महामाया पहाड़ में 25 जुलाई को मिले अज्ञात युवक के सड़े-गले शव की पहचान मायापुर निवासी शुभम कश्यप पिता स्व. मुन्ना कश्यप 37 वर्ष, होने के बाद स्वजनों ने उसकी हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने की आशंका जताई है, और मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। इसी क्रम में मंगलवार को स्वजन की मांग पर मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में पुलिस ने दफन किए गए शव को बाहर निकलवाया है, और वैधानिक प्रक्रिया के तहत अग्रिम कार्रवाई की है।

बता दें कि, कोतवाली पुलिस को 25 जुलाई की दोपहर वन विभाग के मैदानी कर्मचारियों ने महामाया पहाड़ पर एक पेड़ में फंदे के सहारे लटके कंकाल और गलकर नीचे गिरे धड़ के हिस्से की सूचना मिली थी। इसके बाद कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान सामने आया कि बारिश के कारण शव का आधा हिस्सा गलकर नीचे गिर गया है। मौके से चप्पल, कपड़े और कुछ दवाइयां भी बरामद की गई थीं। शव का शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने शव को वहीं दफना दिया था। इधर कोतवाली के पीछे मायापुर निवासी शुभम कश्यप 11 जुलाई से लापता था, जिसके गुमशुदगी की रिपोर्ट 13 जुलाई को स्वजन दर्ज कराए थे। मामला सुर्खियों में आने पर स्वजन कोतवाली पहुंचे और कपड़े, कंधे पर बने टैटू के आधार पर उन्होंने शव की पहचान शुभम के रूप में की। इन्होंने आशंका जताई है कि शुभम की हत्या करके उसके गले में तार लपेटा गया है, और फांसी के फंदे पर लटकाया गया है। इनके आवेदन पर कोतवाली पुलिस ने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में वीडियोग्राफी कराकर महामाया पहाड़ में दफन किए गए शव को कब्र खोदकर बाहर निकलवाया और शारीरिक अवशेषों को स्वजन को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया है।

“महामाया पहाड़ में मिले अज्ञात शव को बाहर निकलवाकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले में हर पहलू को खंगाला जा रहा है।” अमोलक सिंह ढिल्लो, एएसपी सरगुजा

Categorized in: