चिकित्सकों की टीम से कराया गया मासूम के शव का पोस्टमार्टम
गिरजा ठाकुर
अंबिकापुर। दो वर्षीय बच्ची का गलत उपचार करने से मौत का आरोप स्वजनों ने लगाया है। बच्ची को सर्दी-खांसी होने पर स्वजन बलरामपुर जिला के कुसमी में एक मेडिकल स्टोर में लेकर गए थे। यहां मौजूद डॉक्टर ने बच्ची को देखा और जांच के बाद इंजेक्शन लगाया। इसके बाद बच्ची सुस्त हो गई और खून का उल्टी करने लगी तो उसे निजी वाहन बुक करा अंबिकापुर भेज दिया गया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बच्ची को लेकर स्वजन पहुंचे, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक कुसमी ब्लाक के नीलकंठपुर ग्राम निवासी मनोहर की दो वर्षीय पुत्री सिमरन को 14 अक्टूबर से सर्दी-खांसी की शिकायत थी। 17 अक्टूबर को स्वजन उसे कुसमी के एक मेडिकल स्टोर में लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने बच्ची का जांच करने के बाद बांह और कमर में इंजेक्शन लगाया। इसके बाद बच्ची सुस्त होती चली गई और खून का उल्टी करने लगी। मेडिकल स्टोर में ही बच्ची को पीने के सीरप दिया गया लेकिन तबियत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद डॉक्टर ने इन्हें बच्ची को तत्काल अंबिकापुर ले जाने कहा। स्वजन निजी वाहन से बच्ची को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर आए लेकिन उसकी सांस थम गई थी। इसकी जानकारी अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र में दी गई थी, जिस पर चिकित्सकों की टीम ने बच्ची का पोस्टमार्टम कराया है। सीएमएचओ ने मामले में आवश्यक जांच, कार्रवाई करने की बात कही है।

Categorized in: