संभागीय संयुक्त संचालक औचक पहुंचे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लटोरी 

अंबिकापुर। संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवायें, सरगुजा संभाग ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लटोरी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आपातकालीन ड्यूटी चिकित्सा अधिकारी अनुपस्थित पाये गये। साफ-सफाई का अभाव पाया गया, आपात स्थिति हेतु अस्पताल में स्थित नोटिस बोर्ड में आपात ड्यूटी डॉक्टर एवं स्टॉफ नर्स व अन्य स्टॉफ का नाम एवं मोबाइल नंबर रोस्टर में अपडेट नहीं पाया गया।

बता दें कि, संभागीय संयुक्त संचालक डॉ. अनिल कुमार शुक्ला 18 मई की रात 8.34 बजे औचक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लटोरी पहुंचे थे। यहां की उपस्थिति पंजी का अवलोकन करने पर 9 अधिकारी, कर्मचारी पूर्व दिवसों में अनुपस्थित पाये गये, जिस पर संस्था प्रभारी व संबंधितों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने ड्यूटी में उपस्थित चिकित्सकों व अस्पताल कर्मियों को निर्देशित किया है कि, अस्पताल में सुविधा होने के बाद भी मरीजों को अनावश्यक रेफर न किया जाए। यदि रेफर की स्थिति बनती है तो कारण सहित, प्रोटोकॉल का पालन करते हुये रेफर मरीज को चिकित्सा महाविद्यालय अंबिकापुर में ही भेजा जायेे। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में राष्ट्रीय कार्यक्रम से संबंधित जनकल्याणकारी योजनाओं का आईईसी फ्लेक्स बहुत कम संख्या में पाए जाने पर इसे और लगाने कहा गया, जिससे आम लोगों को विभागीय स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी मिल सके।

हीट वेब को देखते हुये रहें अलर्ट मोड में

डॉ. शुक्ला ने संस्था में पदस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों को हीट वेब को देखते हुये इसके लिए आवश्यक तैयारी एवं अलर्ट मोड में रहने हेतु निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा है कि संस्था में पदस्थ किसी भी अधिकारी-कर्मचारी के अनुपस्थित पाये जाने पर उनके विरूद्ध नियमानुसार निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही आगामी निरीक्षण से पूर्व कमियों को दुरूस्त करने खण्ड चिकित्सा अधिकारी सूरजपुर को निर्देशित किया है।

Categorized in: