स्वास्थ्य केंद्रों में स्नैक वेनम, रेबीज एवं मध्यान्ह भोजन में हरी सब्जी सहित पौष्टिक भोजन देने के दिए निर्देश

अंबिकापुर। कलेक्टर विलास भोसकर, बुधवार को लखनपुर एवं उदयपुर विकासखंड के दूरस्थ गांवों पहुंचे। यहां उन्होंने स्कूल, पीडीएस, स्वास्थ्य केंद्र खाद-बीज वितरण केन्द्र, पीएम आवास, पीएम जनमन सड़क का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने तिरकेला पीडीएस दुकान का निरीक्षण किया चावल, चना और शहर वितरण की जानकारी ली।

इस दौरान उन्होंने हितग्राही से राशन की सुनिश्चित उपलब्धता पर चर्चा की। प्राथमिक स्कूल का जायजा लेते हुए किचन शेड में बन रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की जांच की एवं स्कूल में बच्चों को पौष्टिक भोजन एवं हरी सब्जी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सामुदायिक शौचालय के अधूरे निर्माण को तत्काल पूर्ण कराने निर्देशित किया। कलेक्टर ने तुरंगा के प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया और बच्चों की अधिक संख्या को देखते हुए  अतिरिक्त कक्ष के निर्माण हेतु जनपद सीईओ को निर्देशित किया। किचन शेड में बच्चों के लिए बन रहे भोजन का अवलोकन करके मध्याह्न भोजन मेन्यू के अनुसार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कुन्नी सहकारी समिति का निरीक्षण करने के दौरान उन्होंने खाद-बीज के उपलब्धता की जानकारी ली।

 

किसानों से संवाद करते हुए खाद-बीज की उपलब्धता की जानकारी ली, साथ ही एग्रीस्टैक पंजीयन शत-प्रतिशत कराने के निर्देश दिए। एक किसान ने आय जाति-प्रमाण पत्र की समस्या बताई, जिस पर कलेक्टर ने आगामी सोमवार को कुन्नी हाईस्कूल में शिविर लगाकर स्कूली बच्चों के आय, जाति प्रमाणपत्र बनवाने के निर्देश दिए। कुन्नी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण करने के दौरान उन्होंने स्नैक वेनम, रैबिज और अन्य दवाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रसव पंजीयन से रेंडम हितग्राही को फोन लगाकर प्रसूता का प्रसव कहां हुआ, बच्चे को टीका लगा या नहीं, प्रसूता को शासन की ओर से मिलने वाले 1400 रुपये की सहायता मिली कि नहीं, स्वास्थ्य केंद्र में किसी प्रकार की असुविधा तो नहीं हुई, इसकी जानकारी ली। केदमा के आवासीय बालक छात्रावास में कलेक्टर बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन किए और बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया। भकुरमा से बुलईकेदमा में पीएम जनमन योजना के तहत निर्माणाधीन प्रधानमंत्री ग्राम सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम बन सिंह नेताम, तहसीलदार, डीईओ, डीपीओ, जनपद पंचायत सीईओ सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।

Categorized in: