सद्भावना ग्राम तकिया में आयोजित तीन दिवसीय उर्स संपन्न
अंबिकापुर। सद्भावना ग्राम तकिया में आयोजित तीन दिवसीय उर्स संपन्न हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज रहे। उन्होंने कहा कि सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर से लगे ग्राम तकिया में स्थित पीर फकीर सैय्यद हज़रत बाबा मुरादाबाद व बाबा मोहब्बत शाह रहमतुल्लाह अलेह का मु$कद्दस मजार शरीफ है, जहां सैकड़ों वर्षों से लोग आते हैं। यहां होने वाले 153वां उर्स पाक में उन्हें बुलाया गया, इसके लिए अंजुमन इस्लाहुल मुस्लेमिन कमेटी के वे शुक्रगुजार हैं। उन्होंने कहा यूं तो हम खुद ही बाबा से मांगने आते हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ शासन की ओर से मजार शरीफ के विकास के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा करते हैं, जो 3 महीने के अंदर अंजुमन कमेटी के पास आ जाएगा। अंजुमन कमेटी इस राशि से मजार शरीफका विकास करे, घोषणा की राशि 3 माह के अंदर नहीं आई तो वे गुनाहगार होंगे, लेकिन ऐसा नहीं होगा।
डॉ. सलीम राज ने यह भी कहा कि तकिया मजार शरीफ की करामात दूर-दूर तक फैली है, यहां से कोई भी खाली हाथ नहीं जाता है, वे भी बाबा से दुआ की गुंजाइश करते हैं। छत्तीसगढ़ के विकास और शांति के लिए रब की बारगाह में दुआ करें। उन्होंने उर्स पाक में लोगों की भीड़ और अंजुमन कमेटी की इंतेज़ाम को देख खुशी का इजहार करते हुए कहा कि अंबिकापुर की अंजुमन मुस्लेमिन इस्लाहूल कमेटी की जितनी तारीफ की जाए कम है। उन्होंने कहा कि अंजुमन कमेटी के सदर इरफान सिद्दीकी के द्वारा जब भी उन्हें कोई कार्य कहा जाएगा, वे उसे आदेश मानकर पूरा करेंगे, क्योंकि उन्होंने आवाम की खिदमत करते हुए उन्होंने एक उम्र गुजार दी है। अंजुमन कमेटी के सदर इरफान सिद्दीकी ने अपने उद्बोधन में कहा कि तकिया स्थित पीर फकीर सैय्यद हज़रत बाबा मुराद शाह व बाबा मोहब्बत शाह रहमतुल्लाह अलेह का यह 153वां उर्स पाक का सफर है, इसके लिए अंबिकापुर की जनता का वे तहे दिल से शुक्रिया अदा करते हैं। उन्होंने कहा तीनों दिन उर्स में हज़ारों की संख्या में सरगुजा संभाग सहित पड़ोसी राज्य के जायरीन आए। अंजुमन कमेटी की तरफ से इनके लिए बेहतर इंतजाम किया गया था। अंजुमन कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष दानिश रफीक ने कहा कि उर्स के आयोजन में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग सहित अन्य विभागों का बेहतरीन सहयोग रहा, इसके लिए अंजुमन कमेटी उनका धन्यवाद करता है। अंजूमन कमेटी के ज्वाइंट सेक्रेटरी तनवीर हसन ने कहा कि तकिया उर्स में अंजुमन कमेटी के सभी सदस्यों ने दिन-रात अथक परिश्रम करते हुए जो काम किया है, वह काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा आने वाले समय में अंजुमन कमेटी मजार शरीफ के विकास के लिए और बेहतर कार्य करेगा। इस दौरान अंजुमन कमेटी के सचिव अफजल अंसारी, अब्दुल लतीफ, नायब सदर पीकू खान, खजांची रिजवान सिद्दीकी, नायब सदर वसीम अंसारी, सिकंदर खान, इमरान सिद्दीकी, अनिक खान सहित अन्य कमेटी के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Categorized in: