शहर के गांधी चौक, पुराना बस स्टैंड, सत्तीपारा सहित कई इलाके हुए जलमग्न
अंबिकापुर। नौतपा शुरू होने में एक दिन शेष है, इसके पहले सबसे गर्म माने जाने वाले जेठ के माह में सावन जैसी झमाझम बारिश ने वातावरण को बदल दिया है। शुक्रवार को पूरे दिन आसमान में हल्की बादल व धूप के बाद शाम 7 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और आधे घंटे से अधिक मूसलाधार बारिश हुई। झमाझम बारिश के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है, मौसम का बदला मिजाज लोगों को भा रहा है।
मौसम वैज्ञानिक एसके मंडल ने बताया कि मानसून पूर्व एक्टिविटी के कारण मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से सुबह से दोपहर तक तेज धूप निकल रही है, इसके बाद अचानक मौसम बदल जा रहा है। तेज हवा के साथ बारिश का नजारा देखने को मिल रहा है। वहीं बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवा के कारण उमस जैसी स्थिति बनी हुई है। शुक्रवार की सुबह से बादल व धूप के बीच उमस की स्थिति बनी हुई थी। देर शाम 7 बजे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। ठंडी और तेज हवा के झोंकों के साथ मौसम में बदलाव का संकेत मिलने लगा था। इसके बाद अचानक बिना चमक और गरज के झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण शहर के गांधी चौक, पुराना बस स्टैंड, सत्तीपारा सहित कई इलाके में जलजमाव की स्थिति बन गई। हालात ऐसे हो गए कि चारपहिया वाहनों के चालक भी सावधानी बरतते धीमी गति में आगे बढ़ रहे थे। दोपहिया चालकों को तो बारिश बंद होने के बाद भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

Categorized in: