मैनपाट के मेहता प्वाइंट से गुजरते वक्त चालक का कार से नियंत्रण हटा
अंबिकापुर। अंबिकापुर से मैनपाट घूमने गए चार लोग कार सहित करीब 30 से 35 फिट नीचे खाई में गिर गए। कार में 4 लोग सवार थे। बेकाबू हुई कार के बाद अकस्मात खाई में गिरने के बाद मची चीख-पुकार को सुनकर राहगीरों की नजर कार सवारों पर पड़ी, जो मदद की आस में थे। घटना की सूचना कमलेश्वरपुर थाना पुलिस को दी गई। इसके बाद राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार सवारों को घायल अवस्था में बाहर निकालकर नजदीक में स्थित नर्मदापुर स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया, और कार को खाई से निकालने की कवायद की जा रही थी।
घटना मंगलवार दोपहर की बताई जा रही है। मेहता प्वाइंट के पास से गुजरते वक्त कार से चालक का नियंत्रण हट गया और वे कार सहित खाई में गिर गए। सड़क से नीचे गिरते समय कार एक पेड़ पर टिक गई थी। पेड़ की शाखा टूटने के बाद कार करीब 30-35 फिट नीचे जा गिरी। हादसे में कार में सवार चारों लोग घायल हो गए। बता दें कि बारिश के मौसम में छत्तीसगढ़ के शिमला मैनपाट की प्राकृतिक आभा लोगों को अपने तक खींचने लगती है। सुहाने मौसम का आनन्द लेने लोग सपरिवार व दोस्तों की मंडलियों के साथ यहां पहुंचने लगते हैं। वहीं छोटी सी लापरवाही बड़ी घटना का कारण बन सकती है, इस पर पर्यटकों का ध्यान देना चाहिए। बरसात के मौसम में दोपहिया, चारपहिया वाहन की रफ्तार नियंत्रित हो, तो हादसे से बचा जा सकता है।

Categorized in: