पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद वास्तविकता आएगी सामने, पुलिस जांच में जुटी

अंबिकापुर। दो दिन से लापता युवक का शव कोतवाली थाना क्षेत्र के जोड़ा तालाब में मिलने से सनसनी फैल गई। शुक्रवार को आसपास के लोगों की नजर तालाब में एक युवक के शव पर पड़ी और इसकी सूचना कोतवाली थाना में दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान पुरूषोत्तम यादव के रूप में हुई है, जो ग्राम सिंगीटना, थाना लखनपुर क्षेत्र का रहने वाला था और अंबिकापुर स्थित अपने ससुराल में रहकर बिजली व पेंटर का काम करके जीवकोपार्जन करता था। स्वजन हत्या का संदेह व्यक्त कर रहे हैं।

शीतला वार्ड, जोड़ा तालाब निवासी मृतक के साला मुकेश यादव ने बताया कि उसके जीजा पुरूषोत्तम यादव दो दिन से लापता थे, जो काफी शांत स्वभाव के थे। इनके घर नहीं पहुंचने पर पूरा परिवार लगातार खोजबीन में लगा था, लेकिन उनका पता नहीं चल रहा था। शुक्रवार को जोड़ा तालाब में किसी का शव तैरने की जानकारी पास ही रहने वाले नेपाली युवक से मिली, जब वे मौके पर पहुंचे, तो शव उनके जीजा पुरूषोत्तम यादव का था। मुकेश यादव का कहना है कि दो दिन पूर्व उनके जीजा से किसी ने लड़ाई-झगड़ा किया था। ऐसे में किसी के द्वारा मारपीट करके शव को तालाब में डालने की संभावना जताई जा रही है। आरोप यह भी है कि जोड़ा तालाब इलाके में कई ऐसे घर हैं, जहां महुआ शराब धड़ल्ले से बिकता है। पुलिस को फोन करके जानकारी देने पर भी किसी प्रकार की कार्रवाई हुई हो, ऐसा सामने नहीं आया है। सेटिंग में पूरा कारोबार चल रहा है। बहरहाल घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को मौका पंचनामा की कार्रवाई पूरी करके मेडिकल कॉलेज अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मामला हत्या का है या कुछ और स्पष्ट होगा। पुलिस अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।

 

Categorized in: