बस अड्डे में रोजाना होता है सैकड़ों यात्रियों व उनके संबंधियों का आना-जाना

अंबिकापुर। बस स्टैंड के करीब शिफ्ट किए गए विदेशी कंपोजिट शराब दुकान के सामने आए दिन विवाद, मारपीट की स्थिति बनने से माहौल अशांत हो रहा है। बस स्टैंड में पुलिस सहायता केंद्र होने के कारण पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच तो जाती है, लेकिन छोटी-छोटी बातों पर होने वाला विवाद कब बड़ा रूप ले लेगा, कहना मुश्किल है।

जानकारी के मुताबिक, बीते दिवस अंग्रेजी शराब दुकान के सामने एक युवक की जमकर पिटाई 4-5 युवकों ने कर दी, जिससे बस स्टैंड के आसपास और शराब लेने के लिए पहुंचे लोग दहशत में रहे। बताया जा रहा है कि मामूली विवाद पर युवक उत्तेजित हो गए और शराब लेने पहुंचे युवक पर लात-घंूसा बरसाने लगे। इसका किसी ने वीडियो वायरल कर दिया, जिसमें कुछ लोग एक युवक से मारपीट करते नजर आ रहे हैं।

बता दें कि गंगापुर से विदेशी कंपोजिट शराब दुकान को हटाने के बाद इसका संचालन बस स्टैंड के पास किया जा रहा है। बस स्टैंड में यात्रियों का दिन-रात आना-जाना लगे रहता है। शराब के नशे में धुत्त लोगों के कारण खासकर रात में यहां का माहौल अशांत हो जाता है। आपसी विवाद, मारपीट, गाली-गलौज जैसी घटनाएं यहां के लिए आम हो गई है। पियक्कड़ों के द्वारा किए जाने वाले विवाद के कारण जहां एक ओर शराब खरीदने के लिए आने वाले ग्राहक किसी घटना को लेकर सशंकित रहते हैं, वहीं सफर के लिए बस स्टैंड में आने वाले महिला-पुरूष इनकी हरकतों के आगे न सिर्फ शर्मिंदगी महसूस करते हैं, बल्कि संभावित घटनाओं का खतरा बना रहता है।

Categorized in: