सुकमा। जिले के आवासीय विद्यालय में पदस्थ एक शिक्षक पर बच्चों के भोजन में फिनाइल मिलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामला पाकेला आवासीय पोटाकेबिन विद्यालय का है, इसने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। घटना 21 अगस्त की रात की है जब 426 बच्चों के लिए बनाई गई सब्जी से अचानक तेज फिनाइल जैसी गंध उठी। अधिकारियों की सजगता और सतर्कता ने बड़ा हादसा टाल दिया, वरना सैकड़ों मासूमों की थाली में जहर पहुंच चुका होता।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोजाना की तरह रात के भोजन से पहले सहायक अधीक्षक और अनुदेशकों ने सब्जी चखने की प्रक्रिया शुरू की. जैसे ही चम्मच मुंह तक पहुंचा, तेज बदबू ने सबको चौंका दिया। शक गहराया तो सब्जी को सूंघा गया और फिनाइल जैसी तेज गंध साफ महसूस हुई। तत्काल इसकी सूचना अधीक्षक दुजाल पटेल को दी गई। जैसे ही यह मामला सामने आया, अधीक्षक ने तत्काल भोजन को नष्ट कर दिया और देर किए बिना घटना की लिखित शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई।

कलेक्टर ने गठित की तीन सदस्यीय जांच समिति
कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की। जांच टीम में एसडीएम सूरज कश्यप, डीएमसी उमाशंकर तिवारी और एपीसी आशीष राम शामिल थे. जांच समिति ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच की।

बच्चों ने लगाया एक शिक्षक पर आरोप
जांच के दौरान कई बच्चों ने खुलकर बताया कि फिनाइल मिलाने का काम आवासीय विद्यालय में पदस्थ एक शिक्षक ने किया था। बच्चों के बयान ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया। सुकमा डीएमसी उमा शंकर तिवारी ने बताया कि अधीक्षक से शिकायत मिलते ही जांच कराई गई। बच्चों और कर्मचारियों के बयान दर्ज कर रिपोर्ट कलेक्टर को भेज दी गई है।

मौत के मुंह से लौटे 426 मासूम
अधीक्षक दुजाल पटेल ने बताया कि उस रात बच्चों के लिए करीब 48 किलो बीन्स की सब्जी बनाई गई थी। अगर समय रहते बदबू का पता नहीं चलता तो 426 बच्चों की थाली में मौत परोसी जाती। सहायक अधीक्षक और अनुदेशकों की सतर्कता ने सैकड़ों परिवारों को मातम से बचा लिया।

Categorized in: