अम्बिकापुर। रजपुरीकला में कई माह से राशन नहीं मिलने से परेशान 100 से अधिक ग्रामीणों ने देर रात 11 बजे हंगामा कर सोसायटी संचालक हरिंद्र प्रसाद राजवाड़े को बंधक बना लिया। सूचना पर लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और संचालक को छुड़ाया।

तीन दिन से सुबह 4 बजे से लग रही थी लाइन
ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें कई माह से पूरा राशन नहीं मिल रहा है। तीन दिनों से लोग तड़के 4 बजे से लाइन लगा रहे थे। माह के अंतिम दिन देर रात तक राशन नहीं मिलने पर ग्रामीण भड़क गए।

ग्रामीणों ने बताई परेशानी
हितग्राही धनीराम प्रजापति ने कहा कि दुकान खोलने का समय तय नहीं है। तीन माह से राशन नहीं मिला। संचालक की लापरवाही से राशन नहीं मिल रहा। दुकान 20 तारीख से खुलती है। हितग्राही विमला ने बताया कि दो दिनों से सुबह 4 बजे से लाइन लगा रहे हैं, फिर भी राशन नहीं मिला। भुनेश्वरी ने कहा कि दो माह का चावल नहीं मिला। समय पर दुकान नहीं खुलती।

संचालक का दावा: आबंटन में दिक्कत
राशन दुकान संचालक हरविंद्र प्रताप राजवाड़े दो जगह दुकान चलाते हैं। उनका दावा है कि वे माह में 15 दिन दुकान खोलते हैं और आबंटन में दिक्कत के कारण राशन नहीं मिल पा रहा। वहीं ग्रामीणों ने कहा कि संचालक झूठ बोल रहा है। वह एक सप्ताह या 9 दिन से ज्यादा दुकान नहीं खोलता।

नियमों की अनदेखी का आरोप
नियम के मुताबिक राशन दुकान पूरे माह खुलनी चाहिए। लंबे समय से संचालक की मनमानी झेल रहे ग्रामीणों ने खाद्य विभाग से शिकायत करने की बात कही है। फिलहाल खाद्य अधिकारी या विभाग की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है।

Categorized in: