अंश पंडित की गिरफ्तारी के लिए घंटों फिल्डिंग लगाकर रखना पड़ा पुलिस को
अंबिकापुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के जरहागढ़ निवासी अंश पंडित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जो जिला दंडाधिकारी सरगुजा के द्वारा किए गए जिला बदर के आदेश का उल्लंघन करके अपने घर में आराम फरमा रहा था। कई आपराधिक गतिविधियों में लगातार संलिप्त रहने के कारण पुलिस के द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन पर जिला बदर की कार्रवाई की गई थी। इसके बाद भी वह प्रतिबंधित जिले के सीमाओं को पार करके अपने गृह निवास तक पहुंच रहा था। पूर्व में मारपीट जैसे आपराधिक वारदात में अंश पंडित के शामिल होने की बात भी सामने आई थी, लेकिन वह घटना के बाद चुपचाप निकल लिया था।
बता दें कि अंश पंडित को 6 फरवरी 2025 को जिला बदर किया गया था। इसके बावजूद वह गुपचुप तरीके से प्रतिबंधित जिले में प्रवेश करता रहा और बीच-बीच में अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहा था। हाल ही में पुलिस को सूचना मिली थी कि अंश पंडित किसी आपराधिक योजना को मूर्तरूप देने के लिए अंबिकापुर आया हुआ है और अपने घर में ही छिपा है। कोतवाली पुलिस ने इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई। गुरूवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात पुलिस टीम जरहागढ़ स्थित आरोपी के घर के पास फिल्डिंग लगाकर घेराबंदी करके रखी थी। जिला बदर के आरोपी को पुलिस टीम बिना डिस्टर्ब किए कब्जे में लेने की मंशा रखी थी, लेकिन घंटों बाद भी वह अपने घर से बाहर नहीं निकला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के भागने के सभी संभावित वाह्य रास्तों पर फिल्डिंग लगाई और घर की गहन तलाशी ली, लेकिन वह कहीं नजर नहीं आया। अलसुबह करीब 5 बजे आरोपी अंश पंडित को घर के अंदर से कब्जे में लेने में पुलिस सफल हुई। बताया जा रहा है कि आरोपी दीवान के अंदर छिपा हुआ था। आरोपी के खिलाफ कोतवाली पुलिस, जिला बदर का उल्लंघन करने की धारा के तहत मामला दर्ज करके उसे न्यायिक रिमांड में पेश की है।

 

Categorized in: