ग्राम ठाडपाथर की घटना, स्कूल से लौट रहे थे तीन छात्र बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़े थे
सूरजपुर। तेज बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से स्कूल से लौट रहे एक छात्र की मौत हो गई है, वहीं दो छात्र झुलस गए। इन्हें बिहारपुर के अस्पताल में दाखिल कराया गया है। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों छात्रों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रिफर किया गया है। घटना जिले के चांदनी बिहारपुर अंचल के ठाडपाथर क्षेत्र में शुक्रवार की शाम करीब 4 बजे हुई। बताया गया है कि स्कूल से छुट्टी के बाद तीनों छात्र वापस घर लौट रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी के बाद रंजीत सिंह पिता जगन्नाथ, सुनील कुमार पिता हरि शरण बैस और अनूप कुमार पिता रामदेव बैस घर लौट रहे थे। ठाडपाथर-रेडी पहाड़ी मार्ग पर अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए तीनों छात्र सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान आकाशीय बिजली पेड़ पर गिरी और तीनों छात्र उसकी चपेट में आ गए। 15 वर्षीय रंजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुनील और अनूप गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की सूचना पर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों आहतों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर लाया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत चिंताजनक बताई है और प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु हायर सेंटर रिफर किया है। छात्र के मौत की खबर सुनते ही विशालपुर गांव में कोहराम मच गया। मृतक रंजीत के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Categorized in: