पति-पत्नी को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेजा

अंबिकापुर। शहर के गांधीनगर थाना अंतर्गत हत्या करके गड्ढे में शव डालने के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार पति-पत्नी को जेल भेज दिया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के दिशा निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर के नेतृत्व में चल रही पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अवैध संबंध की आशंका पर आवेश में आकर लाठी से गंभीर चोट कारित करके घटना को अंजाम दिया था। आरोपी पति-पत्नी, शव को छिपाने के उद्देश्य से घर में पहले से बने गड्ढे में शव को डालकर मिट्टी से ढक दिए थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा, टूटा हुआ मोबाइल, घटना में प्रयुक्त फावड़ा व घटना के दौरान पहने गए कपड़े को जप्त किया है।

बता दें कि 31 मार्च की रात को भगवानपुर खुर्द निवासी मिथलेश कुजूर थाना गांधीनगर आकर बताया कि 07 दिवस पूर्व मोहल्ले के ही बृजलाल अगरिया उसके घर में आया था और शराब पीने के लिए अपने घर चलने की जिद्द करने लगा। इसी बात पर दोनों में विवाद हुआ तो बृजलाल ने मिथलेश का मोबाइल तोड़ दिया था। इसके बाद दोनों आपस में मारपीट करने लगे, और मिथलेश ने बृजलाल के सिर में लाठी से वार कर दिया, और उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। बृजलाल के सिर से खून निकल रहा था, इसके बाद मिथलेश अपनी पत्नी राजकुमारी की सहायता से शव को अपने घर में सुअरों के लिए बनाए गए गड्ढे में डाल दिया था। मामला आरोपी के द्वारा ही संज्ञान मेे लाने पर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने पुलिस टीम को मामले में त्वरित कार्रवाई करने और शव को बरामद करने के निर्देश दिए थे। पुलिस टीम ने नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में 01 अप्रैल को भगवानपुर खुर्द के लोहारपारा जाकर तफ्तीश की और अकेले रहने वाले बृजलाल अगरिया का शव तहसीलदार एवं पुलिस टीम की उपस्थित में मिथलेश कुजूर के घर में बनाए गए गड्ढे से बरामद किया था। शव की पहचान परिजनों एवं ग्रामीणों के द्वारा बृजलाल के रूप में की गई। पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध धारा 103 (1), 238, 3(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया और आरोपी मिथलेश कुजूर पिता सुंदर कुजूर 41 वर्ष व राजकुमारी पति मिथलेस कुजूर 34 वर्ष को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। मिथलेश कुजूर ने पूछताछ में बताया कि मृतक बृजलाल उसकी पत्नी से अक्सर मिलना-जुलना करता था, इसे लेकर दोनों के मध्य पहले भी विवाद हुआ था। घटना दिनांक को दोनों को आरोपी ने साथ में देखा, और अवैध संबंध की आशंका पर आवेश में आकर लाठी से सिर में गंभीर चोट पहुंचाकर उसकी हत्या करके पत्नी की सहायता से शव को गड्ढे में डाल दिया था। कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में थाना गांधीनगर से उप निरीक्षक दिलीप दुबे, प्रधान आरक्षक रुस्तम सिंह सोनवानी, अमित प्रताप सिंह, सतीश उपाध्याय, महिला आरक्षक प्रिया रानी, आरक्षक अमीर सिंह, घनश्याम देवांगन, सुल्तान अहमद, संदीप सिंह, उमेश गुप्ता, आनंद केरकेट्टा, मोतीलाल केरकेट्टा सक्रिय रहे।

 

Categorized in: