सातवीं-आठवीं में पढ़ने वाले दोनों दोस्त बाइक से घूमने निकले थे

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाइवे पर मंगलवार की सुबह बाइक सवार दो नाबालिगों को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल भिजवाया, यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद इन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने दोनों का शव स्वजन को सौंप दिया है। नाबालिगों की मौत से स्वजन सदमे में हंै।
जानकारी के मुताबिक बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भटको निवासी हेमंत पिता हरिभजन 15 वर्ष व शांतिपारा निवासी अमरीकन पिता संजीव 14 वर्ष दोनों दोस्त थे। हेमंत कक्षा आठवीं में वहीं अमरीकन सातवीं कक्षा का छात्र था। दोनों को बाइक चलाने का शौक था, वे बाइक सीख भी रहे थे। मंगलवार की सुबह करीब 6.30 बजे दोनों हेमंत की बाइक क्रमांक सीजी 15 डीवी-9067 से ग्राम सेदम की ओर घूमने जा रहे थे। सेदम से पहले ग्राम लालमाटी के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों सड़क में गिर गए, इन्हें सिर सहित शरीर के अन्य हिस्से में गंभीर चोट आई थी और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। सूचना मिलते ही बतौली थाना प्रभारी चंद्रप्रकाश तिवारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शांतिपारा दोनों के शव को भिजवाया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और खोजबीन में लगी है।
कोहरा के कारण हादसा की संभावना
मंगलवार की सुबह बतौली क्षेत्र में घना कोहरा छाया था। लोगों का कहना है कि कोहरे व ट्रक की तेज रफ्तार हादसा का कारण है। मृतक हेमंत के स्वजन का कहना था कि वे अपने बेटे को कभी बाइक चलाने के लिए नहीं देते थे, सुबह वह बाइक का चाभी मांगा और उन्होंने दे दिया। दोस्त अमरीकन उसे घूमने जाने के लिए बाइक अपने घर शांतिपारा बुलाया था।

Categorized in: