दहेज लोभी पति, सास-ससुर और ननद के विरूद्ध केस दर्ज

अंबिकापुर। उत्तर प्रदेश में शहर की एक युवती को दहेज के लिए प्रताड़ना देने के मामले में महिला थाना अंबिकापुर की पुलिस ने पति, सास-ससुर और ननद के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है। विवाहिता ने ससुराल में गाली-गलौज करते हुए क्रूर यातना देने और पति के द्वारा अप्राकृतिक कृत्य करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने पति आदित्य जायसवाल 31 वर्ष, सास अनिता गुप्ता 55 वर्ष, ससुर तरूण कुमार जायसवाल 57 वर्ष व ननद के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है, सभी वाराणसी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।
विवाहिता ने पुलिस को बताया है कि उसका विवाह आदित्य जायसवाल के साथ 02 फरवरी 2025 को रीति-रिवाज से मोहनकुंज लान मवईया सारनाथ वाराणासी उत्तर प्रदेश में हुआ था। विवाह के पूर्व 22.10.2024 को वर पक्ष के लोग उसे देखने आए थे। इनके द्वारा पहले लड़की पसंद आने पुन: दो दिन बाद फोन करके लड़की पसंद नहीं आने की बात कही गई। एक सप्ताह बाद पुन: विवाह के लिए राजी हो गए और 30 लाख रुपये नकद व स्कॉर्पियो वाहन की मांग की गई। लड़की के पिता ने अपने सामर्थ्य के अनुसार अधिकतम 28 लाख रुपये नकद दे पाने सहमति जताई गई, इससे ज्यादा रकम और वाहन देने में असमर्थता व्यक्त की गई। वर पक्ष ने विवाह के लिए हामी भर दी। 24.11.2024 को इनकी सगाई रोज गार्डन होटल सारनाथ वाराणासी उत्तर प्रदेश में होना तय हुआ। सगाई के लिए एक लाख रुपये नकद और होटल रेंट सहित अन्य व्यवस्था में हुए 5 लाख रुपये खर्च का वहन भी वधु पक्ष ने किया।
विवाह की तिथि से 10 दिवस पूर्व लड़की के पिता एवं चाचा ने बेटी के होने वाले ससुराल में मांगे गए दहेज की रकम में 25 लाख रुपये नकद दिया, और रकम की मांग करने पर उन्होंने ऑनलाइन एक लाख रुपये 22-23 जनवरी 2025 के बीच अंतरित किया। लड़के के द्वारा की गई मांग के अनुसार सोने का चैन, डायमंड की अंगूठी, 4 सोने की अंगूठी, सोने का कड़ा, चांदी के सिक्के, महंगे कपड़े, मेकअप का सामान, किचन सेट, इलेक्ट्रिक सामान और लड़की के जेवरात में 10 लाख रुपये खर्च भी वधु पक्ष ने किया। शादी के बाद ससुराल जाने पर कुछ दिन तक सभी का व्यवहार सामान्य रहा। यहां आने पर मुंह दिखाई के समय दिए गए समस्त उपहार, नकदी, जेवर और अन्य सामान सास अनिता गुप्ता पति तरूण कुमार जासयवाल 55 वर्ष यह कहकर अपने पास रख ली कि कहीं आना-जाना होगा तो मांग लेना।
इसके बाद मेंहदी का सुर्ख रंग फीका नहीं हुआ था सत्यनारायण भगवान की कथा में पति आदित्य जायसवाल से बैठने का आग्रह करने पर जवाब में झापड़ मिला और ज्यादा बोलने पर तलाक देने की धमकी दी गई, जिसे सास ने भी गंभीरता से नहीं लिया और नव वधू को अकेले पूजा में बैठने की बात कहते हुए सही बहू नहीं मिली है, मुंहमांगा दहेज, गाड़ी नहीं मिलने का ताना देने लगी। कुछ दिनों बाद आदित्य अपने दोस्त के यहां शादी में बैंगलोर चले गया और विवाहिता अपने मायके अंबिकापुर आ गई थी। यहां आने के बाद जब भी फोन करती तो लगातार 5-6 घंटे फोन ऑफ रहता था। बाद में पति आदित्य ने बताया कि उसकी महिला मित्र भी शादी में आई थी, साथ में रहने के कारण वह फोन नहीं उठा रहा था। 14 अप्रैल 2025 को पति और ससुर के साथ ससुराल पहुंची तो सास ने गाली-गलौज और मारपीट करना प्रारंभ कर दिया।
आरोप है कि पति के द्वारा महिला मित्र से विवाह करने की बात कहते हुए उसे मायके जाने कहा गया, नहीं तो कुछ खिलाकर मार देने की बात कही गई। अगस्त 2025 में रक्षाबंधन के समय मायके में 5-6 दिन रूकने पर सास-ससुर के द्वारा बहू से मोबाइल में बातचीत के दौरान 50 लाख रुपये नकद और 20 लाख रुपये का चारपहिया वाहन दहेज में मिलने की बात कहकर दूसरे जगह बेटे का विवाह करने की बात कही गई, और बिना स्कॉर्पियो वाहन लिए ससुराल आने से मना कर दिया। 22.09.2025 को दशहरा के समय जब वह पिता के साथ ससुराल गई तो सभी अपने घर में बाहर से ताला बंद करके अंदर छिपे थे, इसके बाद वह वाराणसी के एक होटल में अपने पिता के साथ रूकी थी। स्थानीय पुलिस प्रशासन से मदद नहीं मिलने पर वह अपने घर अंबिकापुर आ गई। विवाहिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है, और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: