शासन को 1.80 करोड़ से अधिक की क्षति, सहायक समिति प्रबंधक के विरूद्ध केस दर्ज

अंबिकापुर। सूरजपुर जिला के प्रेमनगर थाना अंतर्गत धान उपार्जन केंद्र उमेश्वरपुर में 7036 क्विंटल धान और 17591 बारदाना कम पाए जाने पर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित शाखा प्रेमनगर के शाखा प्रबंधक की लिखित शिकायत पर पुलिस ने सहायक समिति प्रबंधक के विरूद्ध अपराध दर्ज कर लिया है। धान खरीदी में अनियमितता के इस मामले में शासन को एक करोड़ 80 लाख 68 हजार 345 रुपये आर्थिक क्षति पहुंची है।
जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित शाखा प्रेमनगर के शाखा प्रबंधक ओम दत्त दुबे ने पुलिस को अवगत कराया है कि 09.01.2026 को धान उपार्जन केंन्द्र उमेश्वरपुर का उपायुक्त सहकारिता एवं पंजीयक सहकारी सस्थाएं सूरजपुर के जिला विपणन अधिकारी ने जांच किया और भौतिक सत्यापन के दौरान 7036 क्विंटल धान कम पाया गया, जिसकी अनुमानित राशि एक करोड़ 66 लाख 69 हजार 231 रुपये एवं 17591 बारदाना की राशि 13 लाख 99 हजार 114 रुपये 79 पैसे है। इस प्रकार सहायक समिति प्रबंधक ठाकुर सिंह मरावी के द्वारा धान खरीदी में अनियमितता करके 1 करोड़ 80 लाख 68 हजार 345 रुपये 80 पैसे का दुरूपयोग किया गया है। बड़ी अनियमितता सामने आने पर उपायुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं जिला सूरजपुर ने 21.01.26 के मामले में सहायक समिति प्रबंधक ठाकुर सिंह मरावी के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने हेतु आदेशित किया गया था। शाखा प्रबंधक ओम दत्त दुबे की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी सहायक समिति प्रबंधक के विरूद्ध बीएनएस की धारा 316(5), 318(4) का मामला दर्ज कर लिया है।

Categorized in: