अंबिकापुर। बकरी का बच्चा आंगन में लगे कुंदरू को खा गया, इससे कुपित पड़ोसी ने घर में घुसकर दंपती पर टांगी, डंडा से हमला कर दिया। पास-पड़ोस के लोगों ने इस दौरान बीच-बचाव किया जिससे इनकी जान बच गई। घटना की रिपोर्ट दोनों पक्ष ने राजपुर थाने में दर्ज कराई है, जिस पर केस दर्ज करके पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही है।
बलरामपुर जिला के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुन्दीकला हरिजनपारा की फुलमनिया रवि ने रिपोर्ट दर्ज कराया है कि 17 जून को दिन में करीब 12 बजे पालतू बकरी का बच्चा पड़ोसी जगजीवन के आंगन में लगे कुन्दरू को खा गया था। इसी बात को लेकर रात 8 बजे जगजीवन उसके घर के आंगन में टांगी लेकर आया और गाली देते हुए हाथ में रखे टांगी से मारपीट करने लगा। इस दौरान बीच-बचाव करने आए पति के सिर में वह टांगी से वार कर दिया, जिससे खून बहने लगा। पुत्र संतोष व विनोद रवि के साथ भी जगजीवन का भाई शिवराम रवि व उसके लड़का राजू रवि डंडा से मारपीट करने लगे, जो बीच-बचाव करने का प्रयास कर रहे थे। मारपीट करते देखकर आसपास के लोग पहुंचे और किसी तरह जान से मार देने की धमकी दे रहे जगजीवन को अलग किया। दूसरे पक्ष से सुखमनी रवि ने रिपोर्ट दर्ज कराया है कि पड़ोसी प्यारेलाल के घर की बकरी रोजाना उसके घर में आकर कुन्दरू सब्जीे खा जाती थी। कई बार मना करने के बाद भी वे इस ओर ध्यान नहीं दे रहे थे। 17 जून को दिन में करीब 12 बजे उसके पति ने बकरी को बांधकर रखने के लिए कहा, इसी बात को लेकर रात 8 बजे प्यारेलाल व उसके दोनों बेटे विनोद व संतोष उनके घर के आंगन में आकर गाली-गलौज करते जान से मारने की धमकी देकर लाठी डंडा व टांगी से मारपीट करने लगे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Categorized in: