अंबिकापुर। जमीन जोताई की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद, मारपीट की स्थिति बन गई। दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज करके विवेचना में लिया है।
कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पथराई निवासी मुन्ना यादव पिता दिलेश्वर यादव 25 वर्ष ने पुलिस को बताया है कि गांव की रीता एक्का से उनका जमीन संबंधी विवाद वर्ष 2014 से चल रहा है, जिस पर सिविल कोर्ट ने 25 मार्च 2025 को स्थगन आदेश जारी कर दिया है। इसी जमीन को 16 जून को शाम करीब 4 बजे वह संतोष यादव के ट्रेक्टर से जोतवा रही थी। जब वह अपने भाई अखलेश यादव के साथ मौके पर जाकर खेत जोतने से मना किया तो, संतोष यादव उसके ऊपर ट्रेक्टर चढ़ाने लगा। दोनों भाई साइड हुए, जिससे वे ट्रेक्टर की चपेट में नहीं आए। इसके बाद संतोष यादव ट्रेक्टर से उतरकर इन्हें दौड़ाने लगा और हाथ-मुक्का से मारपीट करते हुए गला दबाने लगा। भाई अखलेश यादव के द्वारा बीच-बचाव किया करने पर उनके साथ भी मारपीट किया। जब दोनों वहां से भागे तो संतोष आवाज लगाकर रीता को बुलाया और दोनों को जान से मार देने की धमकी देने लगा। वहीं दूसरे पक्ष से संतोष यादव उर्फ मुन्नु पिता अयोध्या प्रसाद यादव 35 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराया है कि 16 जून को शाम करीब 4.30 बजे वह गांव में रीता एक्का के जमीन की ट्रेक्टर से जोताई करके वापस पथराई रोड से घर जा रहा था, तभी गांव के मुन्ना यादव और अखलेश यादव रास्ता रोककर रीता के जमीन की जोताई क्यों किए, कहते हुए मारपीट करने लगा। इनके द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई। हल्ला सुनकर गांव के लोग और रीता एक्का पहुंचकर बीच-बचाव किए। इस दौरान रीता से दोनों भाई गाली-गलौज करने लगे। दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर पुलिस केस दर्ज करके अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: