अंबिकापुर। नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में आयोजित होने वाली द्वितीय सीनियर फास्ट फाइव राज्य स्तरीय नेटबॉल चैम्पियनशिप (पुरुष एवं महिला वर्ग) का आयोजन 30 एवं 31 मई को जांजगीर-चांपा में किया जाएगा। प्रतियोगिता में नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन सरगुजा की महिला एवं पुरुष टीम जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।

एसोसिएशन के सचिव रजत सिंह ने बताया कि, सरगुजा जिले के खिलाड़ियों का चयन उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं नियमित प्रशिक्षण के आधार पर किया गया है। महिला वर्ग की टीम में खुशबू गुप्ता, प्रज्ञा मिश्रा, सिमरन भगत, अनामिका चौबे, सीमा नागेशिया, रुद्राक्षी जैन, उमा वर्मा, पारिधि, दिव्यांशी सिंह, निर्झर, काव्या पैंकरा, आद्या करण कश्यप, अनोखी, पिहू गुप्ता, दीप शिखा, ग्रेसी, आन्या जैन, आन्या शर्मा एवं एलिशिबा तिर्की का चयन किया गया है। वहीं पुरुष वर्ग की टीम में आयुष बारी, आयुष सिंह, ओम प्रकाश यादव, अमन ठाकुर, ऋत्विक राज गुप्ता, अथर्व अग्रवाल, शेखर ठाकुर एवं देवांश भगत शामिल हैं। चयनित खिलाड़ी प्रतियोगिता में सरगुजा जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि सरगुजा जिले में नेटबॉल खेल लगातार लोकप्रिय हो रहा है, बड़ी संख्या में खिलाड़ी इस खेल से जुड़ रहे हैं। गांधी स्टेडियम स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड में नियमित रूप से प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, इसके सकारात्मक परिणाम अब राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई देने लगे हैं। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद सरगुजा के खिलाड़ी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं तथा आने वाले समय में नेटबॉल के क्षेत्र में जिले का नाम और अधिक गौरवान्वित करेंगे। प्रतियोगिता में चयनित सभी खिलाड़ियों को एमआईसी सदस्य मनीष सिंह व प्रियंका गुप्ता, समाजसेवी सत्येंद्र सिंह, अमितेश पांडेय सहित सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ, नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। सभी ने टीम के सफल प्रदर्शन एवं पदक जीतकर लौटने की कामना की है।

Categorized in: