पूर्व गृहमंत्री ने कहा-विघ्नसंतोषियों की चुनौती के बीच पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के निर्णय पर लगी मुहर

अंबिकापुर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा ने आरक्षण के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि कुछ असंतुष्ट लोग, जो नहीं चाहते थे कि हमारे आदिवासी, जनजाति समाज को 32 प्रतिशत आरक्षण मिले, हाईकोर्ट में गए, जहां कांग्रेस सरकार द्वारा ठीक से जवाब नहीं देने की वजह से हाईकोर्ट ने इस पर रोक लगा दी। संकल्प भवन भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट की रोक के बाद सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के रोक पर स्थगन आदेश दिया। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब तत्काल भर्ती की प्रक्रिया प्रारंभ की जानी चाहिए। इस फैसले से साफ हो गया है कि 58 फीसदी आरक्षण का पारित प्रस्ताव वैध है। उन्होंने कहा कि हम सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हैं। इस बात को लेकर हम पहले से ही कह रहे थे कि बहुत सोच-विचार करके इसे पारित किया गया है, लेकिन विघ्नसंतोषी लोगों ने इसे चुनौती दी। सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश से सब कुछ स्पष्ट कर दिया है, इसे देखते हुए भाजपा के शासनकाल में दिए जा रहे आदिवासियों को 32 फीसदी आरक्षण का लाभ आज से मिलना प्रारंभ हो गया है। श्री पैकरा ने उम्मीद जताई कि पूरा छत्तीसगढ़ सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश का स्वागत करेगा। यह डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की जीत है, जिसके निर्णय पर सुप्रीम कोर्ट ने अपनी मुहर लगा दी है, अब हर वर्ग को इस निर्णय का लाभ मिलेगा। पत्रकारों से चर्चा के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष प्रबोध मिंज, जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरपाल सिंह भामरा, जिला मंत्री इन्दर भगत, जिला संवाद प्रमुख संतोष दास, सह संवाद प्रमुख रूपेश दुबे सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी उपस्थित थे।

77 साल की उम्र में बने कांग्रेस के प्राथमिक सदस्य
नंदकुमार साय का 77 साल की उम्र में कांग्रेस का प्राथमिक सदस्य बनना दुर्भाग्यजनक है। चुनावी वर्ष में उनका उपयोग करने की मंशा होगी, वे भाजपा छोड़कर कांग्रेस में गए इसका हमें भी खेद है। नंदकुमार साय किस पर प्रभावित हुए, किसके प्रभाव में आए यह जांच का विषय है। उन्हें किस परिस्थिति में कांग्रेस के साथ खड़ा होना पड़ा, यह देखना है।

कांग्रेस बड़ा चेहरा बनाकर बताए
पत्रकारों के एक सवाल पर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा ने कहा भाजपा ने पार्टी के वरिष्ठ नेता नंदकुमार साय को काफी ऊंचाइयों तक पहुंचाया। कांग्रेस के लोग जिसे बड़ा चेहरा बता रहे हैं, वह भारतीय जनता पार्टी की देन है। इन्हें तीन बार विधायक, तीन बार सांसद, राज्यसभा, अजजा आयोग के अध्यक्ष छत्तीसगढ़ में नेता प्रतिपक्ष जैसे अन्य पदों पर काम करने का अवसर भाजपा ने ही दिया, जो और किसी नेता को नहीं मिला। अब वे कांग्रेस में गए हैं, तो कांग्रेस उनका स्वागत करे, बड़ा चेहरा बनाकर बताए। वे जिस उद्देश्य से कांग्रेस में गए हैं, वो पूरा हो हमारी शुभकामनाएं हैं।

Categorized in: