वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक व एएसपी ने की अपील-दें 18002331905 पर सूचना
अंबिकापुर। अवैध रूप से घुसपैठ करके रहने वाले अप्रवासी नागरिकों की तलाश वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा के निर्देशन में तेज कर दी गई है। इनकी पतासाजी के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस की पेट्रोलिंग वाहनों में अवैध अप्रवासियों की सूचना देने के लिए हेल्प लाइन नंबर 18002331905 का स्टिकर चस्पा करके आम लोगों तक इस नंबर की पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है। अभियान के दौरान अवैध अप्रवासियों को चिन्हित कर उनके निर्वासन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार राज्य में अवैध रूप से घुसपैठ करके रहने वाले अप्रवासी नागरिकों की तलाश, पतासाजी के लिए व्यापक अभियान छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अवैध अप्रवासियों के संबंध में सूचना प्रदान करने हेतु पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा टोल फ्री नंबर जारी किया गया है। उक्त टोल फ्री नंबर के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में सभी पेट्रोलिंग वाहनों पर अवैध अप्रवासियों की सूचना देने के लिए हेल्प लाइन नंबर 18002331905 का स्टीकर चस्पा किया गया, जिससे अवैध रूप से रह रहे अप्रवासियों की पहचान हेतु सूचनाएं आम नागरिकों से प्राप्त की जा सकें। शुक्रवार को जिले में पेट्रोलिंग ड्यूटी में लगे सभी वाहनों एवं उक्त वाहनों में कर्तव्यस्थ अधिकारियों, कर्मचारियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के प्रांगण में एकत्र करके स्टीकर चस्पा किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्वयं वाहनों में स्टीकर चस्पा करके कर्तव्यस्थ अधिकारियों, कर्मचारियों को उक्त टोल फ्री नंबर की आम लोगों तक पहुंच सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया, ताकि अवैध रूप से रह रहे अप्रवासी नागरिकों के संबंध में पुलिस को अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त हो सके। ज्ञात हो कि अवैध अप्रवासियों की संदिग्ध एवं देश विरोधी गतिविधियों को देखते हुए इनकी पहचान के साथ इनके विरूद्ध प्रभावी कार्रवाई करने एवं उन्हें निर्वासित करने हेतु पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा प्रत्येक जिले में एसटीएफ का गठन किया गया है एवं व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। टोल फ्री नंबर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों के बीच लुक-छिपकर निवास कर रहे अवैध रोहिंग्या एवं बांग्लादेशी नागरिकों के संबंध में जानकारी प्राप्त करना है। अवैध अप्रवासियों को चिन्हित करके उनके निर्वासन की कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों से अपील की गई है कि आपके आसपास अवैध रूप से रह रहे संदिग्ध अप्रवासी नागरिकों के संबंध में सूचना त्वरित रूप से टोल फ्री नंबर 18002331905 पर प्रदाय करें, जिससे सूचना की तस्दीकी एवं वैधानिक कार्रवाई पुलिस टीम द्वारा की जा सके। टोल फ्री नंबर के व्यापक प्रचार प्रसार हेतु विभिन्न सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं शैक्षणिक संस्थानों में भी पोस्टर, स्टीकर एवं बैनर लगाए गए हैं। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो, ट्रैफिक शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय केवर्त, प्रधान आरक्षक संजीव त्रिपाठी जिले के पेट्रोलिंग वाहनों में कर्तव्यस्थ अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Categorized in: