मोबाइल में लिंक भेजकर और 5जी सिम अपडेट करने के नाम पर हुई थी 5.53 लाख की ऑनलाइन ठगी

अंबिकापुर। मोबाइल हैक करके साइबर ठगी करने के मामले में सााइबर रेंज थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 अंतर्राज्यीय ठगों को देवघर झारखण्ड से गिरफ्तार किया है। आरोपी 5जी सिम अपडेट करने के नाम से पीड़ितों का ई-सिम एक्टिव कर लेते थे। इनके द्वारा विभिन्न योजनाओं के नाम पर एपीके फाइल व लिंक भेजकर साइबर ठगी की घटना को अंजाम दिया जाता था।

नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर, राहुल बंसल ने बताया कि सरगुजा रेंज के जशपुर जिला अंतर्गत पत्थलगांव निवासी उमेश खूंटे ने 11 सितम्बर 2025 को पत्थलगांव थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसके मोबाइल में लिंक भेजकर और 5जी सिम अपडेट करने के नाम पर उसके खाते से 5 लाख 53 हजार 900 रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा द्वारा प्रकरण की अग्रिम विवेचना हेतु साइबर रेंज थाना को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद नोडल अधिकारी साइबर रेंज थाना सरगुजा रेंज, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित करके आरोपियों की पतासाजी हेतु देवघर के लिए रवाना किया गया। पुलिस टीम ने घेराबंदी करके 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया, पूछताछ में इन्होंने ठगी करना स्वीकार किया। इनके कब्जे से 10 मोबाइल फोन, पासबुक, चेकबुक एवं नगद 51 हजार रुपये जप्त किया गया है। इनके मोबाइल में एपीके फाइल भेजने का जानकारी मिला, पूछताछ में इन्होंने पूरे भारत में प्रतिदिन लगभग 2500 लोगों को एपीके फाइल भेजकर ठगी करना बताया।

ठगी के लिए कई एजेंटों को रखा है काम पर

एपीके फाइल भेजने के लिए मुख्य आरोपी ने कई एजेण्ट को काम पर रखे थे, जो वर्तमान में लाखों लोगों को एपीके फाइल भेज चुके हैं, और काफी लोगों के साथ ठगी कर चुके हैं। इन्होंने पुलिस को बताया कि, एपीके फाइल पर क्लिक करते ही लोगों के मोबाइल की सारी जानकारी उन्हें अपने मोबाइल पर प्राप्त होने लगती थी, सभी एसएमएस और बैंक ओटीपी देखकर स्वयं पैसे का आहरण कर लेते हैं। रकम को अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर करके एटीएम मशीन से निकाल लेते हैं। इनके द्वारा एपीके फाइल से प्रार्थी के मोबाइल का एक्सेस लेकर उससे ई-सिम के लिए अप्लाई करते थे, इसके बाद उस ई-सिम को खुद के मोबाइल में चालू करके यूपीआई के जरिये पैसा ट्रांसफर करके अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर कर लिया था।

मदद के बहाने कर दिया एपीके फाइल डाउनलोड

पूर्व में जशपुर जिला के थाना कांसाबेल अंतर्गत अपराध क्रमांक 99/2025 के प्रकरण में मधुपुर जिला देवघर झारखण्ड एवं पत्थलगांव जिला जशपुर से गिरफ्तार 02 आरोपियों ने भी इसी प्रकार एपीके फाइल भेजकर 29,15000 रुपये का ऑनलाइन फ्रॉड किया था, जिसमें बैंक के गार्ड ने बैंक के एक ग्राहक रामनिवास राम पिता जमल राम के मोबाइल में मदद करने के बहाने एपीके फाइल डाउनलोड करा दिया था। बैंक गार्ड एवं गार्ड को एपीके फाइल फॉरवर्ड करने वाले आरोपी को मधुपुर जिला देवघर से गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा पर भेजा गया। एपीके फाइल गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

प्रकरण में संतोष कुमार दास, पप्पू महरा, प्रयाग दास, राजकुमार मण्डल, आर्यन कुमार व नित्यानंद को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में रेंज साइबर थाना से निरीक्षक अश्वनी सिंह, निरीक्षक कलीम खान व अन्य पुलिस स्टॉफ की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

Categorized in: