अंबिकापुर। गांधीनगर थाने की पुलिस ने लगभग एक लाख रुपये की ठगी के मामले में विधि से संघर्षरत बालक को दिल्ली से पकड़ा है, जो क्रेडिट कार्ड चालू कराने के नाम पर सरगुजा जिले के नर्मदापारा निवासी एक व्यक्ति को शिकार बनाया था। इसकी रिपोर्ट पर पुलिस आरोपित के पता-तलाश में लगी थी। आरोपित का लोकेशन मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। आरोपित से ठगी की रकम 99 हजार 695 रुपये बरामद करने में पुलिस सफल हुई है।
जानकारी के मुताबिक गांधीनगर थाना क्षेत्र के नर्मदापारा निवासी मानसाय यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 14 दिसंबर 2021 को उसके मोबाइल फोन में अज्ञात नंबर से फोन आया, जिसने क्रेडिट कार्ड चालू कराने के नाम पर ओटीपी नंबर पूछा। ओटीपी नंबर बताने पर क्रेडिट कार्ड के खाते से कुल 99 हजार 695 रुपये आहरण कर लिया गया। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। इधर पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय यादव व पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने ठगी के आरोपित को पकडऩे आवश्यक जांच-कार्रवाई के लिए निर्देशित किया था। थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक कलीम खान टीम के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला व नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में ठगी के आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास में लगे थे। जांच, विवेचना के बीच सायबर सेल से तकनीकि जानकारी प्राप्त कर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम दिल्ली रवाना हुई, इस दौरान पुलिस के हाथ विधि से संघर्षरत बालक लगा, जिसने पूछताछ में क्रेडिट कार्ड चालू करने के नाम पर ठगी व राशि आहरण करना स्वीकार किया। पुलिस आरोपित बालक से ठगी की रकम बरामद करने में सफल हुई। आरोपित बालक को पुलिस अंबिकापुर लेकर आई और बाल न्यायालय भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक कलीम खान, सउनि विनय सिंह, संतोष तिवारी, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, आरक्षक कुंदन सिंह, अंशुल शर्मा, देवेंद्र पाठक, विकास मिश्रा, रमेश राजवाड़े शामिल रहे।

Categorized in: