गिरजा ठाकुर

अंबिकापुर। कोतवाली पुलिस ने शातिर ड्रग तस्कर से 98 नग अवैध स्वापक एवं मन: प्रभावी औषधि (नशीला इंजेक्शन) बरामद कर आरोपित को न्यायिक रिमांड में भेजा है। नशे के विरुद्ध पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान नवाबिहान के तहत उक्त कार्रवाई की गई है। शातिर अपराधी को पूर्व में झारखंड व गांधीनगर अंबिकापुर थाने की पुलिस ने अवैध कट्टा रखने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
विदित हो कि पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय यादव व पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में नशे के विरुद्ध अभियान नवाबिहान के तहत अवैध नशे के कारोबार पर कड़े नियंत्रण के लिए सभी थाना व चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में कोतवाली के एसएचओ रुपेश नारंग एवं उनकी टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि रामानुजगंज का शातिर अपराधी जो पूर्व में अवैध कट्टा रखने के मामले में जेल जा चुका हैं, वह वर्तमान में नशेडिय़ों के लिए इंजेक्शन बिक्री का काम कर रहा है। संदेही पर निगरानी रखी पुलिस को बुधवार को बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-15-5628 में नशीला इंजेक्शन लेकर रामानुजगंज से अंबिकापुर में बिक्री के लिए लेकर आने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने संदेही की घेराबंदी कर मैरिन ड्राइव अंबिकापुर के पास रोका और पूछताछ की, तो उसने अपना नाम सोनू गुप्ता निवासी रामानुजगंज बताया। संदेही की तलाशी लेने पर काले रंग के पि_ू बैग में नारंगी रंग की पन्नी में 48 व 50 नग अलग-अलग इंजेक्शन मिले, जिसे नशे के रूप में लोग प्रयुक्त करते हैं। इसकी कीमत एक लाख 98 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपित ने नशीले इंजेक्शन को रामानुजगंज से लाना बताया है। पुलिस ने आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा है। सरगुजा पुलिस की नजर ऐसे क्षेत्र जहां नशे की खपत हो रही है, उन पर है। कार्रवाई में कोतवाली प्रभारी उपनिरीक्षक रुपेश नारंग, प्रधान आरक्षक विजय, रवि, जयदीप सिंह, रुपेश महंत, प्रवीणचंद तिवारी, मंटू गुप्ता, शिव राजवाड़े, नगर सैनिक संतोष पाठक शामिल रहे।

Categorized in: