अंबिकापुर। राज्य स्तरीय मोर आवास मोर अधिकार कार्यक्रम के तहत मंगलवार को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार, 13 मई को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत नवनिर्मित 51 हजार मकानों के हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया और उन्हें खुशियों की चाबी सौंपी। मां महामाया की पावन धरा में पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने पीएम जनमन के तहत आवास प्राप्त करने वाली हितग्राही महिला फूलो बाई के चरणों को धोकर उन्हें सम्मानित किया। यह दृश्य केवल प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि जनसेवा को सर्वोपरि मानने की विचारधारा का प्रदर्शन था। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, सांसद चिंतामणि महराज, विधायक राजेश अग्रवाल ने भी लाभार्थियों का चरण धोया।
ग्राम पंचायत पंडरापाठ निवासी फूलो बाई उन हजारों लाभार्थियों में से हैं, जिन्हें पीएम जनमन के तहत पक्का आवास प्राप्त हुआ है। फूलो बाई ने बताया कि वह अपनी चार बेटियों के साथ मिट्टी के कच्चे घर में रह रही थीं, बेटियों की शादी हो गई। पति का निधन हो चुका है। उन्होंने कहा कि पहले विश्वास नहीं हुआ कि उन्हें पक्का मकान मिलेगा, लेकिन अब उनका सपना साकार हो चुका है। घर में बिजली होने से काफी परेशानी दूर हो गई है, घर में ही शौचालय और नल कनेक्शन जैसी सुविधाओं के साथ गरिमामय जीवन वे व्यतीत कर रही हैं। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान जब फूलो बाई के पैर धो रहे थे, तो वे भावुक हो गईं। यह क्षण उनके लिए केवल सम्मान का नहीं, बल्कि जीवन में पहली बार स्वयं को महत्वपूर्ण और सम्मानीय महसूस करने का था। शिवराज सिंह ने फूलो बाई से कहा कि विष्णु के सुशासन में सब सुविधाएं मिलने लगी हैं। यह केवल एक टिप्पणी नहीं, बल्कि उस नीति की पुष्टि है जो अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प को दर्शाती है। इससे आमजन की पीड़ा को समझने और उसका समाधान करने के लिए शासन की गंभीरता, एक नई राजनीति की झलक के साथ सेवा, सम्मान और सहभागिता का समावेश होना सामने आया। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आवास निर्माण प्रारंभ करने वाले हितग्राहियों के घरों का भूमिपूजन करके स्वीकृति पत्र भी प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान स्व-सहायता समूह की उत्कृष्ट दीदियों और लखपति दीदियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कृषि मंत्री राम विचार नेताम, लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, राज्य सभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल राम प्रताप सिंह, अध्यक्ष वन विकास निगम राम सेवक पैकरा, गृह निर्माण मण्डल अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, राज्य युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, नगर पालिक निगम अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग छत्तीसगढ़ की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, प्रधानमंत्री आवास एवं मनरेगा छत्तीसगढ़ के आयुक्त तारन प्रकाश सिन्हा, संभाग आयुक्त नरेंद्र दुग्गा, पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर विलास भोसकर, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सरगुजा विनय कुमार अग्रवाल सहित सरगुजा संभाग के सभी विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
भारत अब सहने वाला नहीं, जवाब देने वाला राष्ट्र बन चुका है-शिवराज सिंह
केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की सेना को प्रणाम करें, जो शौर्य और पराक्रम का प्रतीक है। भारत अब सहने वाला नहीं, जवाब देने वाला राष्ट्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि हमने चुनाव से पहले वादा किया था कि हमारी सरकार बनते ही ‘मोर आवास-मोर अधिकार योजना के तहत सबको पक्का मकान मिलेगा, और हम वह वादा निभा रहे हैं। यह सरकार गरीबों की सरकार है, जनता हमारी भगवान है। अब मोटर सायकल रखने वाले 15 हजार रुपये तक की मासिक आय वाले परिवार, ढाई एकड़ सिंचित या 5 एकड़ असिंचित भूमि रखने वाले परिवार भी प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी बनेंगे।
केंद्रीय मंत्री ने घोषणा की कि मनरेगा में छत्तीसगढ़ का लेबर बजट बढ़ाया जाएगा ताकि ग्रामीणों को अधिक रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि बचे हुए 3 लाख से अधिक आवासों की स्वीकृति भी राज्य सरकार को सौंपी जा चुकी है। साथ ही, उन्होंने कहा कि अब तक 3 लाख से अधिक लखपति दीदी तैयार हो चुकी हैं और सरकार का लक्ष्य 4 लाख से अधिक बनाने का है। केंद्रीय मंत्री ने राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार पारदर्शिता और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। देश के कृषि वैज्ञानिकों की टीम गांवों में जाकर किसानों की आय बढ़ाने पर कार्य कर रही है। ‘मोदी है तो मुमकिन हैÓ यह केवल नारा नहीं, हकीकत है। छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने की दिशा में हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वन नेशन, वन इलेक्शन के लिए केन्द्र सरकार द्वारा संवैधानिक संशोधन की दिशा में कार्य किया जा रहा है, ताकि देश में विकास कार्यों पर चुनावों का असर न पड़े।

 

Categorized in: