अंबिकापुर। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मंगलवार को अचानक शार्ट-सर्किट के बाद अफरातफरी की स्थिति बन गई। इस दौरान एक्स-रे और सोनोग्राफी कक्ष के सामने वेटिंग एरिया में काफी संख्या में मरीज जांच के लिए बैठे थे। शार्ट-सर्किट के कारण निकल रही चिंगारी व तेज आवाज को सुनकर लोग इधर-उधर भागने लगे। इसके बाद अंधकार छा गया और जांच सेवा लगभग डेढ़ घंटे के लिए बाधित हो गई।
बता दें कि अस्पताल में एक्स-रे और सोनोग्राफी कक्ष के सामने रोजाना काफी संख्या में मरीजों की मौजूदगी रहती है। इस कक्ष के सामने मरीजों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई गई है, जहां बैठकर जांच के लिए पहुंचे पीड़ित अपनी पारी आने का इंतजार करते हैं। वार्डों में भर्ती मरीजों को स्वजन व्हील चेयर और स्ट्रेचर में लेकर आते हैं। ऐसे में यह स्थल मरीजों से खचाखच भरे रहता है। भर्ती व गंभीर मरीजों को प्राथमिकता देते हुए जांच की जाती है। मंगलवार को रोजाना की भांति सुबह 9 बजे से ही नंबर लगाकर काफी संख्या में मरीज चिकित्सक के परामर्श के अनुसार एक्स-रे और सोनोग्राफी की जांच के लिए वेटिंग एरिया में बैठे थे। दोपहर लगभग 12 से 12.30 बजे के बीच वेटिंग एरिया में लगे चेयर के ऊपर लगे बिजली के बोर्ड से आई तेज आवाज के साथ चिंगारी निकलने की स्थिति बन गई। समय रहते बिजली का कनेक्शन विच्छेद नहीं करने पर आग लगने की नौबत बन सकती थी। इसके बाद अस्पताल के एक हिस्से में घुप्प अंधेरा छा गया। एक्स-रे का काम तो जैसे-तैसे हो रहा था लेकिन सोनोग्राफी जांच के लिए काफी देर से इंतजार कर रहे लोगों को बिजली बाधा की स्थिति बने रहने तक इंतजार करना पड़ा। गरमी के मौसम को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक बार फिर बिजली व्यवस्था को दुरूस्त करने की जरूरत महसूस की जा रही है। पूर्व में भी यहां शार्ट-सर्किट के कारण आग लगने जैसी स्थिति बन चुकी है, जिस कारण मरीजों को वार्ड से बाहर करना पड़ा था।

Categorized in: