अंबिकापुर। हत्या के मामले में अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक सरगुजा ने ईनाम की उद्घोषणा की है। प्रार्थी गोलू राजवाड़े पिता श्यामलाल राजवाड़े निवासी रजपुरी कला, खजूरपारा, थाना लखनपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि घटना दिनांक 29.04.2025 से 30.04.2025 के मध्य अज्ञात आरोपी के द्वारा उसकी मां मुनेश्वरी उर्फ आशा राजवाड़े पति श्यामलाल राजवाड़े की धारदार हथियार से मारकर हत्या कर दिया गया है। रिपोर्ट पर थाना लखनपुर में अपराध क्रमांक-103/2025 धारा 103(1) बीएनएस कायम कर विवेचना में लिया गया। अज्ञात आरोपी के पतासाजी का हरसंभव प्रयास करने के उपरांत भी अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
प्रकरण की गंभीरता कों संज्ञान में लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल द्वारा पुलिस रेग्युलेशन के पैरा 80-ए में निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए घोषणा किया गया है कि जो कोई व्यक्ति प्रकरण के अज्ञात आरोपी के संबंध में जानकारी देगा, जिससे हत्यारोपी की गिरफ्तारी हो सके, या गिरफ्तार कराएगा अथवा गिरफ्तार करेगा, उसे 5 हजार रुपये के ईनाम से पुरस्कृत किया जाएगा। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जावेगा। पुरस्कार वितरण के संबंध में अंतिम निर्णय पुलिस का होगा। आरोपी के संबंध में सार्थक सूचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सरगुजा को मोबाइल नम्बर 94791-93501, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को 94791-93502, नगर पुलिस अधीक्षक को 94791-93503, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी सीतापुर को 94791-93504, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी को 94791-93505 व पुलिस नियंत्रण कक्ष सरगुजा में 94791-93599 पर दी जा सकती है।

Categorized in: