अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आयोजित उप अभियंता, सिविल/विद्युत/यांत्रिकी भर्ती परीक्षा 20 जुलाई, रविवार को अंबिकापुर के 5 परीक्षा केन्द्रों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय प्रात: 10 बजे से 12.15 बजे तक निर्धारित है। परीक्षा में कुल 1985 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा के सुव्यवस्थित संचालन, पारदर्शिता बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने हेतु कलेक्टर विलास भोसकर के निर्देशानुसार उड़नदस्ता दल एवं परीक्षा केंद्रवार पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। उड़नदस्ता दल में शामिल उमेश्वर सिंह बाज, तहसीलदार परीक्षा केंद्र राजीव गांधी शासकीय पी.जी. कॉलेज, जयेन्द्र सिंह अतिरिक्त तहसीलदार परीक्षा केंद्र राजमोहिनी देवी कन्या महाविद्यालय व पॉलिटेक्निक कॉलेज, जयेश कंवर नायब तहसीलदार परीक्षा केंद्र मल्टीपरपज उ.मा.वि. व कन्या उ.मा.वि. (गुरुद्वारा के पास) पर नजर रखेंगे। पर्यवेक्षकों एवं केंद्राध्यक्षों में एस. तिग्गा सीईओ अंत्यावसायी निगम केन्द्र राजीव गांधी पी.जी. कॉलेज, केन्द्राध्यक्ष डॉ. स्नेहलता श्रीवास्तव, राजेश कुमार राय व्याख्याता राजमोहिनी देवी कन्या महाविद्यालय, केन्द्राध्यक्ष श्रीमती इजेन टोप्पो, कृष्ण कुमार सिंह व्याख्याता पॉलिटेक्निक कॉलेज, केन्द्राध्यक्ष आर.जे. पाण्डेय, योगेन्द्र चौबे व्याख्याता मल्टीपरपज विद्यालय, केन्द्राध्यक्ष के.के. राय, ओंकार नाथ तिवारी व्याख्याता डाईट कन्या उ.मा.वि. गुरुद्वारा रोड, केन्द्राध्यक्ष में आर.एल. मिश्रा की ड्यूटी लगाई गई है। कलेक्टर ने समस्त केन्द्राध्यक्षों, परीक्षा पर्यवेक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा व्यापम गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन अनिवार्य होगा। सभी पर्यवेक्षक परीक्षा दिनांक को प्रात: 8 बजे तक जिला कोषालय स्थित स्ट्रांग रूम से गोपनीय सामग्री प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया अनुसार परीक्षा उपरांत सामग्री जमा करेंगे।
व्यापम की गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश
कलेक्टर विलास भोसकर ने परीक्षा के दौरान पूर्ण पारदर्शिता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु व्यापम द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश जारी किए हैं। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर और मैन्युअल तलाशी की व्यवस्था रहेगी। एक पुरुष व एक महिला पुलिसकर्मी की ड्यूटी रहेगी, जो परीक्षा शुरू होने से ढाई घंटे पहले उपस्थित रहेंगे। महिला परीक्षार्थियों की जांच केवल महिला पुलिसकर्मी द्वारा की जाएगी। पुलिस बल परीक्षा केंद्र के अंदर और बाहर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेगा।
परीक्षार्थियों के लिए विशेष निर्देश
परीक्षा प्रारंभ से 2 घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है। परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट पूर्व (9:45 बजे) केंद्र का प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। परीक्षार्थी केवल हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और चप्पल पहनकर आएंगे। गहने, घड़ी, पर्स, मोबाइल, बैग, स्कार्फ, टोपी, बेल्ट पूर्णत: प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे पहले से लेकर परीक्षा समाप्ति तक अंतिम आधे घंटे तक किसी भी परीक्षार्थी को बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी।

Categorized in: