अंबिकापुर। नारकोटिक्स युक्त इंजेक्शन एवं सिरप की तस्करी के मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने 02 आरोपियों को गिरफ्तार करके लगभग 20 लाख रुपये का प्रतिबंधित इंजेक्शन जप्त किया है। आरोपियों से नारकोटिक्स युक्त इंजेक्शन एवं सिरप को लाने एवं खपाने के संबंध में पूछताछ की जा रही है। बता दें कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने समीक्षा बैठक में सभी थाना, चौकी प्रभारियों को प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री में शामिल आरोपियों पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। उक्त दिशा-निर्देशों के परिपालन में पुलिस टीम नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल संदेहियों पर नजर रख रही थी। इसी क्रम में थाना गांधीनगर पुलिस टीम को 07 मई को मुखबिर से सूचना मिली कि गंगापुर में किराए के मकान में रहने वाला पंकज गुप्ता अपने घर से अवैध नशीला इंजेक्शन एवं नारकोटिक्स युक्त कफ सिरप रखकर बिक्री करता है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पंकज गुप्ता पिता स्व. कमलेश गुप्ता 36 वर्ष, निवासी गंगापुर के किराए के मकान में दबिश दी तो संदेही के घर मेें 3 प्लास्टिक का कैरेट ट्रे व दो बैग मिला, जिसमें नशे का जखीरा था। एक प्लास्टिक के पालिथिन में नगद रकम 36 हजार 960 रुपये एवं 3 नग मोबाइल मिला, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। संदेही द्वारा सामने लाए गए प्लास्टिक कैरेट ट्रे एवं बैग को देखने पर ट्रे एवं बैग में रखा हुआ अलग-अलग नाम का इंजेक्शन क्रमश: 925 नग व 800 नग मिला। इसके अलावा 31 लीटर नशीला सिरप वाणिज्यिक मात्रा में बरामद किया गया। आरोपी से पूछताछ करने पर उसने वाणिज्यक मात्रा में नारकोटिक्स युक्त इंजेक्शन एवं सिरप बिक्री करने के लिए रखना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से लगभग 19 लाख रुपये का नारकोटिक्स युक्त इंजेक्शन एवं सिरप बरामद किया गया है।

पुलिस को देखकर भागे स्कूटी सवार के बैग में था प्रतिबंधित सिरप
दूसरे प्रकरण में थाना गांधीनगर पुलिस टीम ने 07 मई को चठिरमा बेरियर के पास वाहन चेकिंग करने के दौरान लटोरी की तरफ से सफेद रंग के स्कूटी क्रमांक सीजी 15 सीडब्लू 7247 से आ रहे युवक को पकड़ा, जो अपने पीठ में काले रंग का पिठ्ठु बैग टांगा था और पुलिस को देखकर तेजी से भागने का प्रयास करने लगा। युवक की गतिविधि संदिग्ध होने पर पुलिस टीम युवक को पकड़कर पूछताछ की तो संदेही युवक द्वारा अपना नाम अनिल गुप्ता पिता शिवकुमार गुप्ता 28 वर्ष, निवासी मायापुर ठनगनपारा का होना बताया। संदेही से भागने का कारण एवं पिठ्ठु बैग में रखे सामान के बारे में पूछताछ करने पर वह संतोषप्रद जवाब नहीं दिया। बैग की तलाशी लेने पर 20 नग नारकोटिक्स युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप मिला। पुलिस टीम ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी को जप्त कर लिया है। दोनों मामलो में पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध थाना गांधीनगर में धारा 22(सी) एन.डी.पी.एस. एक्ट का अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपी को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायालय में पेश कर दिया है। दोनों प्रकरणों में आरोपियों से नारकोटिक्स युक्त इंजेक्शन एवं सिरप लाने एवं खपाने के संबंध में अग्रिम जांच विवेचना जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक गौरव कुमार पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक विपिन कुमार तिवारी, महिला आरक्षक प्रिया रानी, आरक्षक अतुल सिंह, अरविन्द उपाध्याय, विकास सिंह, ऋषभ सिंह, धीरज सिंह, कसमुद्दीन अंसारी, सैनिक अनिल साहू, रौशन गुप्ता सक्रिय रहे।

Categorized in: