अंबिकापुर। उदयपुर थाना पुलिस ने हत्या के मामले में 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अवैध संबंध की आशंका पर आरोपियों ने टांगी, सब्बल एवं डंडा से प्राणघातक वार करके हत्या की घटना को अंजाम दिया था। मामले में एक आरोपी फरार है, जिसके तलाश में पुलिस लगी है।
जानकारी के मुताबिक लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लटोरी निवासी महेश कुमार यादव ने 07 मई कों थाना उदयपुर में मर्ग इंटीमेशन दर्ज कराया था कि सोनू यादव उसका चचेरा भाई है। 06 मई को वह अपने लड़के विजय यादव और चचेरे भाई सोनू यादव के साथ मोटरसायकल में ग्राम रकेली बारात में आया था। तीनों बारात में शामिल होकर पंचायत वाले रोड में तालाब के पास फ्रेश होने गए थे और मोटरसायकल को आशा यादव के घर के पास खड़ा करके तीनों बात कर रहे थे। इसी बीच एक मोटरसायकल में बस्ती तरफ से रकेली ग्राम के आशीष यादव, मिथलेश यादव, सुदामा यादव आए और सभी टांगी, सब्बल और लाठी से उसके चचेरे भाई सोनू को मारने लगे। पीछे से लालमन यादव, राजकुमार यादव और विशाल यादव पैदल डण्डा लेकर पहुंचे, वे भी सोनू पर हमला शुरू कर दिए, इस दौरान वह लड़के साथ बीच-बचाव करने का प्रयास किया। मारपीट के बीच में ही आशा यादव भी आ गई तो आरोपी उसके साथ भी मारपीट किए। मारपीट में सोनू यादव के सिर और पूरे शरीर में चोटें आई थी, जिससे अत्यधिक रक्त निकल रहा था और इलाज के लिए ले जाने समय ही उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने सोनू यादव की रिपोर्ट पर पूर्व रंजिश के कारण गांव के ही छह नामजद सहित अन्य लोगों के विरूद्ध धारा 194 बी.एन.एस.एस. का मामला कायम किया है। बीच-बचाव करते समय मृतक के चचेरे भाई और उसके लड़के को भी चोट आई है।
रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने मृतक सोनू यादव के शव का पंचनामा व पोस्टमार्टम कराया था, जिसमें चिकित्सक ने मृतक की मृत्यु हत्यात्मक प्रवृत्ति का होना लेख किया है। पुलिस टीम ने मामले के चश्मदीद गवाहों का कथन लिया, जिसमें आरोपियों ने अवैध संबंध की आशंका पर सोनू यादव के सिर में टांगी, सब्बल एवं डण्डा से गंभीर चोट पहुंचाकर हत्या करना बताया है। पुलिस टीम ने आरोपियों के विरूद्ध थाना उदयपुर में धारा 103, 115, 190, 191(3) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध करके आरोपियों के ठिकाने में दबिश दी और मिथलेश यादव पिता सुदामा यादव 35 वर्ष, सुदामा यादव पिता स्व. सीताराम यादव 62 वर्ष, लालमन पिता स्व. सीताराम यादव 60 वर्ष, राजकुमार यादव पिता स्व. बदरी यादव 40 वर्ष, आशीष यादव पिता स्व. दीनानाथ यादव 23 वर्ष, विशाल यादव पिता राजकुमार यादव 19 वर्ष सभी साकिन रकेली को हिरासत में लिया। पूछताछ करने पर आरोपियों ने अवैध संबंध की आशंका पर सोनू यादव की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपियों के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगी, सब्बल एवं मृतक का मोबाइल पुलिस ने बरामद कर लिया है। आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। एक अन्य फरार आरोपी के तलाश में पुलिस लगी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उदयपुर निरीक्षक कुमारी चंद्राकर, उप निरीक्षक आभाष मिंज, प्रधान आरक्षक राजेश चतुर्वेदी, प्रधान आरक्षक संजय नागेश, आरक्षक देवेंद्र सिंह, रत्नेश वर्मा सक्रिय रहे।

Categorized in: