अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ शासन, गृह (पुलिस) विभाग के आदेश के अनुपालन में राज्य पुलिस सेवा के 2013 बैच के अधिकारी रितेश चौधरी ने आज सरगुजा जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया।

पदभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसेवा एवं सामुदायिक पुलिसिंग के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त किया। इसके बाद एएसपी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों एवं अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने शाखावार कार्यप्रणाली एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। साथ ही कार्यालय में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों की बैठक लेकर सभी कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से निष्पादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन कार्यों में गति लाकर आमजन को बेहतर और संवेदनशील पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

‘जनसेवा और सामुदायिक पुलिसिंग रहेगी प्राथमिकता’

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी ने कहा कि सरगुजा जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना, अपराध नियंत्रण को प्रभावी करना, सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देना तथा नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील पुलिस सेवा उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उल्लेखनीय है कि सरगुजा में पदस्थापना से पूर्व रितेश चौधरी उप सेनानी, 14वीं वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, धनौरा, जिला बालोद में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

Categorized in: