अंबिकापुर। श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में आगामी 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की कड़ी में देशभर में मंदिरों की साफ-सफाई की जा रही है। मंदिरों में विविध आयोजनों की तैयारी में लोग लगे हुए हैं। इसी कड़ी में सरगुजा के रामगिरी पर्वत, रामगढ़ में स्थित दो हजार वर्ष पुराने राम-जानकी मंदिर व आसपास के स्थल की सफाई के लिए भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव के साथ सैकड़ों रामभक्तों का जत्था जय-जय श्रीराम उद्घोष के साथ पहुंचा। यहां उनके साथ गए रिंकू सिंह, पार्षद हरमिंदर सिंह टिन्नी, अभय साहू, रवि सिंह, पीयूष त्रिपाठी, जन्मजय मिश्रा, मनोज कंसारी विशेष गुप्ता सहित सैकड़ों रामभक्तों ने न सिर्फ मंदिर परिसर व आसपास की सफाई की बल्कि रंग-रोगन करके दो हजार वर्ष पुराने मंदिर की भव्यता और महत्ता को सामने लाने का प्रयास किया।

बता दें कि सरगुजा के रामगिरी पर्वत पर स्थित 2000 वर्ष पुराना श्रीराम जानकी मंदिर स्थल भगवान श्री राम के अरण्य काल की पावन धरा है। यह समुद्र तल से 3202 फिट ऊंचाई पर है।
600 से ज्यादा खड़ी सीढ़ियों से होते मंदिर तक पहुंचा जा सकता है। प्रभु श्री राम की जन्मभूमि अयोध्या धाम में प्रभु श्री रामचंद्र के भव्य दिव्य मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के शुभ मुहूर्त से पहले देश के विभिन्न मंदिरों के स्वच्छता एवं रंग-रोगन का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष आह्वान पर चल रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए 16 जनवरी को प्रात: 9 बजे रामगढ़ के इस पवित्र मंदिर में स्वच्छता, सजावट व रंग-रोगन करने अनुराग सिंह देव के साथ सैकड़ों की संख्या में श्रीराम भक्त पहुंचे। ऊंची पहाड़ी पर स्थित मंदिर के द्वार पर पहुंचते तक भक्तों के कदम नहीं रूके। जय-जय श्री राम का उद्घोष तो गूंज ही रहा था श्री राम के भक्तों के कदम भजन-कीर्तन करते उस शीर्ष तक पहुंच ही गए, जहां प्रभु के दर्शन और सेवा का सौभाग्य इन्हें प्राप्त हुआ। सभी ने पूरे मनोयोग से न सिर्फ मंदिर का सफाई और रंग-रोगन किया बल्कि स्वच्छता के बाद यहां बैठकर ढोलक, झांझ, मजीरा बजाते सुमधुर भजन-कीर्तन में लीन रहे।

Categorized in: