यूपी के अमरोहा में पेशी पर जाते समय एक कैदी पुलिस वैन से कूदकर भाग निकला। 24 घंटे बाद पुलिस एनकाउंटर में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने जब कैदी से उसके पीछे भागने की वजह पता की तो मामला चौंकाने वाला निकला। कैदी वाजिद की जब जुबान खुली तो उसकी बात सुनकर पुलिस अफसर पर हैरान रह गए। कैदी वैन से कूदकर भागने के पीछे उसकी पत्नी की बेवफाई की कहानी सामने आई। बकौल पुलिस, वाजिद की पत्नी बिहार में रहती है, वहां उसका किसी दूसरे शख्स के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। उसे सूचना मिली कि वह अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई है। वाजिद को जेल में ही इस बात की भनक लगी थी तभी से वह जेल से निकलकर बिहार जाने के लिए बेचैन था। जमानत में उसका अपराधिक रिकॉर्ड अड़चन बन रहा था लिहाजा उसने पुलिस कस्टडी से भागने का मंसूबा बना लिया। वाजिद को हर हाल में पत्नी से बेवफाई का बदला लेना था इसके लिए उसने प्रेमी की हत्या का इरादा कर लिया था।

जंगल में गुजारी रात, बिहार जाने के लिए करा लिया था रिजर्वेशन

चलती वैन से कूदकर भागे वाजिद ने पुलिस से बचने के लिए जंगल की पनाह की। पुलिस की जांच में सामने आया है कि अपने नापाक इरादों को अंजाम तक पहुंचाने के लिए उसने बिहार जाने के लिए ट्रेन से अपना रिजर्वेशन भी करा लिया था लेकिन पुलिस की सक्रियता ने उसे जंगल से निकलने का मौका नहीं दिया। पुलिस अब उसके उन मदद गार लोगों की भी तलाश कर रही है जिन्होंने उसे जंगल में तमंचा, कारतूस और कपड़े पहुंचाए।

कैसे पहुंच गया जेल 

अमरोहा जिले की रहरा थाना पुलिस ने बीती नौ जुलाई को गांव गंगवार निवासी वाजिद का बाइक चोरी के आरोप में चालान किया था। उसके साथ गांव जयतौली निवासी उसका साथी अरुण भी पकड़ा गया था। पुलिस ने इन दोनों के कब्जे से चोरी की नौ बाइक बरामद की थीं। आरोपी वाजिद के खिलाफ थाना डिडौली, रहरा व हसनपुर में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट व चोरी से जुड़े आठ मुकदमे दर्ज हैं। बीते सोमवार को एक मामले में वाजिद की हसनपुर कोर्ट में पेशी थी। लिहाजा, मुरादाबाद जेल से पुलिस कर्मी पहले 30-35 कैदियों के साथ उसे अमरोहा लाए और बाद में यहां से पेशी के लिए वैन से ही हसनपुर कोर्ट ले गए। दोपहर में वहां से लौटते समय वाजिद जोया-अमरोहा रोड पर पुलिस कर्मियों को चकमा देने के बाद चलती वैन से कूदकर भाग गया था।

24 घंटे बाद ही पुलिस ने दोबारा कर लिया गिरफ्तार

एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने कैदी वाजिद की फरारी के बाद दोबारा उसकी गिरफ्तारी के लिए एसओजी-सर्विलांस टीम के साथ ही पांच थानों की सात पुलिस टीमों को लगाया था। अगले ही दिन ठीक 24 घंटे बाद अमरोहा देहात थाना क्षेत्र में कांठ रोड पर तलाश में जुटी पुलिस टीम ने मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस टीम पर की गई फायरिंग पर हुई जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से कैदी वाजिद घायल हो गया था।

Categorized in: