कॉम्बिंग गस्त में निकली पुलिस को गुंडा-निगरानी बदमाश अपने ठिकाने पर मिले
एसपी के निर्देश पर राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में निकले 100 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी

अंबिकापुर। राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में 100 से अधिक पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने देर रात तक शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में कॉम्बिंग गस्त किया। इस दौरान निगरानी बदमाश, गुंडा बदमाश, फरार वारंटी सहित संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों की देर रात औचक चेकिंग की गई। संवेदनशील क्षेत्रों में देर रात तक बेवजह घूम रहे संदिग्धों से सघन पूछताछ कर इन्हें अकारण नहीं घूमने की सख्त चेतावनी दी गई।

जिले में सख्त कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधिक गतिविधियों में शामिल गुंडा, बदमाश, निगरानी बदमाशों की सतत चेकिंग कर अपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश पुलिस अधीक्षक सरगुजा योगेश पटेल ने दिए हैं। इसी क्रम में रविवार को देर रात तक राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में 100 से अधिक पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने कॉम्बिंग गस्त कर सघन चेकिंग अभियान चलाया। थाना, चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीम द्वारा रात 11.30 बजे से चेकिंग की शुरुआत की, जो देर रात तक चलते रही। पुलिस टीम ने पूर्व में अपराधिक गतिविधियों में संलिप्त संदेहियों, गुंडा बदमाश, निगरानी बदमाश की औचक चेकिंग कर इनके गुजर-बसर का जायजा लिया। जांच के दौरान गुंडा बदमाश एवं निगरानी बदमाश अपने ठिकाने पर उपस्थित मिले। इन्हें किसी प्रकार के अपराधिक गतिविधियों में शामिल होना पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करने की हिदायत दी गई। थाना-चौकी क्षेत्रों में पूर्व में संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों एवं जमानत में छूटे पूर्व के आरोपियों की भी खबर पुलिस ली। पुलिस टीम को शहर के विभिन्न वार्डों में देर रात तक बेवजह घूमते लोग भी मिले, इन्हें रोककर पुलिस पूछताछ की और बेवजह नहीं घूमने की समझाइश देकर घर जाने कहा।

बैंक, एटीएम एवं लॉज-ढाबा भी किया चेक
पुलिस अधिकारियों ने थाना बल के साथ अपने-अपने थाना व चौकी क्षेत्र में पैदल गश्त करते हुए फरार अपराधियों, वारंटियों, हिस्ट्रीशीटर, जिलाबदर किए गए आरोपियों को भी खंगाला। पुलिस टीम ने बैंक, एटीएम एवं लॉज, ढाबा को भी चेक किया। अभियान के दौरान लुक-छिप कर रह रहे 10 वारंटियों को उनके ठिकाने से पकड़ा गया।

Categorized in: