पुलिस अधीक्षक ने स्वयं रेडियम कॉलर लगाकर की इसकी शुरूआत


अंबिकापुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं सड़कों पर मवेशियों को हताहत होने से बचाने के लिए रेडियम कॉलर अभियान की शुरुआत सरगुजा पुलिस एवं छ.ग. सीसीटीव्ही एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में शुरू की गई है। मवेशियों के गले में रेडियम कॉलर बांधने के लिए पेट्रोलिंग वाहनों को रवाना किया गया है।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, और मवेशियों को सड़क दुर्घटनाओं से हताहत होने से बचाने के उद्देश्य से मवेशियों को रेडियम कॉलर लगाने मंगलवार को रक्षित केंद्र अंबिकापुर में विशेष अभियान की शुरुआत पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में की गई। जिले के सभी पेट्रोलिंग वाहन एवं पेट्रोलिंग ड्यूटी में तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों को मवेशियों के गले में बांधने हेतु रेडियम कॉलर प्रदान किया गया। इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करना हम सबकी जिम्मेदारी है। सड़क दुर्घटनाओं में नागरिकों के साथ-साथ मवेशियों के हताहत होने की घटनाएं भी प्रकाश में आती हंै। ऐसे मामलों को कम करने के उद्देश्य से रेडियम कॉलर अभियान की शुरुआत की गई है। रेडियम कॉलर से मवेशी रात के दौरान दूर से ही सड़क पर पहचाने जा सकेंगे और जान-माल के नुकसान को बहुत हद तक कम किया जा सकेगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल ने कहा कि सभी पेट्रोलिंग वाहनों को रेडियम कॉलर प्रदान किया गया है। पेट्रोलिंग वाहन में कर्तव्यस्थ अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने थाना क्षेत्र अंतर्गत मुख्य मार्गों में खड़े मवेशियों को रेडियम कॉलर लगाकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं मे कमी लाई जा सके। साथ ही मवेशी मालिकों से अपील की गई कि वे अपने पशुओं को नियंत्रित रखें। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो, रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष सिंह परिहार, थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, थाना प्रभारी मणीपुर निरीक्षक अश्वनी सिंह, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक विजय केवर्त, थाना प्रभारी बतौली उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुनीता भारद्वाज, चैकी प्रभारी रघुनाथपुर उप निरीक्षक दिलीप दुबे के अलावा पेट्रोलिंग वाहनों में तैनात पुलिस-अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Categorized in: