सीसीटीवी में कैद अपराधी भी महफूज, व्यापारी वर्ग की चिंता बढ़ी

रामानुजगंज। नगर के वार्ड क्रमांक-1 में करीब डेढ़ माह पूर्व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं शिक्षक के सूने मकान से करीब साढे छह लाख रुपये चोरी के मामले में अब तक चोरों का सुराग नहीं लग पाया है। नगर में लगातार उठाईगिरी एवं चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत है। किसी भी मामले में पुलिस के हाथ चोरों तक नहीं पहुंच पाए हैं। विधानसभा चुनाव एवं नई सरकार के गठन के बाद भी स्थिति यथावत है। नगर वासियों एवं जनप्रतिनिधियों के द्वारा अपराधियों को जल्द पकड़ने की मांग की गई है।

27 अक्टूबर की रात नगर के वार्ड क्रमांक-1 निवासी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उमा चौबे के सूने मकान से चोरों ने नगद एवं सोना चांदी के जेवरात व शिक्षक के सूने घर से सोना-चांदी के जेवरात की चोरी की थी। इसकी कीमत 6 लाख 30 हजार रुपये के करीब आंकी गई है। घटना के बाद मौके पर पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह भी पहुंचे थे, उन्होंने चोरों का पता लगाने के लिए टीम का गठन किया था। घटना के करीब 15 दिन बाद भी अब तक चोरों का सुराग नहीं लग पाया है।

सीसीटीवी में कैद आरोपी तक नहीं पहुंच पाई पुलिस
नगर के व्यस्त बाजारों में एक आढ़त मोड में ज्वेलरी दुकान में दिनदहाड़े उठाई गिरी की घटना हुई। चोर सोना-चांदी से भरा करीब 9 लाख रुपये के जेवरात का बैग लेकर फरार हो गए थे। चोर सीसीटीवी में कैद हो गए। चोरों का आखिरी लोकेशन भंडरिया थाना अंतर्गत बताया था, परंतु अब तक इनका पता नहीं चल पाया है। विधवा महिला के ज्वेलरी दुकान में हुई घटना के बाद महिला अब तक सदमे से नहीं उबर पाई है। घटना से महिला आर्थिक रूप से बिल्कुल टूट चुकी है। इन घटनाओं से नगर में दहशत का माहौल है। आए दिन छोटी-छोटी चोरी की घटनाएं हो रही है।

इनका कहना है
नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि नगर में छोटी चोरी की घटनाएं तो आए दिन होते रहती थी, वहीं तीन बड़ी घटनाओं ने हम सबको चिंता में डाल दिया है। पुलिस प्रशासन को तीनों घटना के अपराधियों को तत्काल पकड़ने की पहल करने की आवश्यकता है, ताकि नगर में भयमुक्त माहौल बना रहे।

भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अरुण केसरी ने कहा कि जिस प्रकार नगर में लगातार चोरी एवं उठाईगिरी की घटना हो रही है, पुलिस के हाथ चोरों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, इससे व्यापारी वर्ग एवं नगर के सभी वर्गों में दहशत व्याप्त है। पुलिस को तत्काल अपराधियों को पकड़ना चाहिए, ताकि नगर में भयमुक्त माहौल बन सके।

पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष शैलेश गुप्ता ने कहा कि जिस प्रकार से नगर में लगातार घटनाएं हो रही हैं वह निश्चित रूप से पूरे नगर के लिए चिंता का विषय है। पुलिस को भी अपने तंत्र को मजबूत करते हुए अपराधियों को पकड़ने की पहल तेज करनी चाहिए।

सर्राफा व्यवसायी संघ के जिला अध्यक्ष राजेश सोनी ने कहा कि दिन-दहाड़े जिस प्रकार से नगर में घटना हुई इससे हम सभी दहशत में हैं। अब तक अपराधियों का नहीं पकड़ा जाना निश्चित रूप से हम सबके लिए चिंता का विषय है। इस प्रकार की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाने कठोर कार्रवाई की आवश्यकता है।
बयान
‘पुलिस अधीक्षक से निर्देश प्राप्त हुए हैं। तीनों घटनाओं में शामिल आरोपियों को पकड़ने लगातार टीम बनाकर जांच पड़ताल की जा रही है।Ó
एमके सूर्यवंशी, एसडीओपी

Categorized in: