कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, थोक सब्जी विक्रेता के रूप में हुई थी प्रार्थिया से पहचान


अंबिकापुर। नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने इलाहाबाद उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कोतवाली पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई। आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदा गया एक मोबाइल पुलिस ने बरामद किया है।
शहर की मनीषा सिंह पिता राकेश सिंह 32 वर्ष ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसके पति बस स्टैंड के आश्रय स्थल में वर्ष 2019 मे काम करते थे। आश्रय स्थल में काम करने के दौरान आश्रय स्थल में आकर ठहरने वाले औरंगाबाद निवासी युवक शंभू शरण से उनकी जान-पहचान थोक सब्जी विक्रेता के रूप में हुई थी। शंभू शरण द्वारा जान-पहचान के लोगों की प्राइवेट नौकरी लगावाने की बात बताई गई थी, और प्रार्थिया इसके पति को विश्वास में लेकर वर्ष 2023 में प्राइवेट नौकरी लगाने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में एक लाख 76 हजार रुपये की ठगी कर ली थी। रुपये की ठगी करने के पश्चात शंभू शरण ने दंपती को लगातार भ्रमित किया, बाद में बातचीत करना बंद कर दिया। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 420 भादवि का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया। मामले को संज्ञान मे लेकर पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन में आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी के तलाश में लगी थी। विवेचना के दौरान आरोपी के संबंध में तकनीकी जानकारी प्राप्त कर आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम इलाहाबाद उत्तरप्रदेश रवाना हुई। पुलिस टीम ने आरोपी शंभू शरण उर्फ कुंदन पिता बलराम ठाकुर 23 वर्ष, निवासी बेनी थाना माली औरंगाबाद बिहार को पकड़कर पूछताछ की तो उसने ठगी करना स्वीकार किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

Categorized in: