मोबाइल और 2.29 लाख रुपये बरामद करने में सफल हुई पुलिस टीम

अंबिकापुर। फर्जी लिंक भेजकर क्रेडिट कार्ड से ठगी के मामले में पुलिस ने ‘साइबर क्लीनÓ के तहत एक अंतर्राज्यीय आरोपित के विरूद्ध वैधानिक कार्रवाई की है। आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक नग मोबाइल एवं ठगी की राशि दो लाख 29 हजार रुपये नगद बरामद किया है। बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम चिरगा निवासी शिवप्रसाद सिंह पिता झमन साय 40 वर्ष निवासी चिरगा थाना बतौली ने 03 जनवरी 2024 को थाना बतौली में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 28 दिसंबर 2023 को अज्ञात व्यक्ति के द्वारा उसके नंबर पर कॉल करके एक लिंक भेजा गया, जिसे प्रार्थी ने टच किया और उसका मोबाइल हैंग हो गया। कुछ देर बाद क्रेडिट कार्ड से लगभग दो लाख 39 हजार रुपये की निकासी का मैसेज प्राप्त हुआ। अज्ञात व्यक्ति ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन करके ठगी की थी। रिपोर्ट पर थाना बतौली में धारा 420 भादवि, 66(डी) आईटी एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन ने मामले के आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश कुमार, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सीतापुर राजेंद्र मंडावी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (ग्रामीण) अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी के तलाश में लगी थी। विवेचना में लगी पुलिस ने आरोपी के संबंध में साइबर सेल से तकनीकी जानकारी प्राप्त कर संयुक्त पुलिस टीम को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु गिरिडीह झारखंड रवाना किया था। पुलिस टीम ने आरोपी विक्की ठाकुर पिता नरेश ठाकुर 25 वर्ष निवासी पुरनानगर थाना मुफसील जिला गिरिडीह झारखंड, हाल मुकाम शास्त्रीनगर पचम्बा थाना गिरिडीह झारखंड को कब्जे में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की तो उसने ठगी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी गई रकम में से लगभग दो लाख 29 हजार रुपये नगद एवं घटना में प्रयुक्त 01 नग मोबाइल बरामद किया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 41 (ए) सीआरपीसी के निहित प्रावधानों के अनुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में निरीक्षक कैलाश मिर्रे, उप निरीक्षक अर्जुन यादव, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, आरक्षक सुयश पैकरा, अशोक यादव शामिल रहे।

Categorized in: