आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस कर रही वैधानिक कार्रवाई

अंबिकापुर। क्रेडिट कार्ड का पेनाल्टी ड्यू होने की बात कहकर ठगी करने के मामले में सरगुजा पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर रही है। आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोबाइल एवं 50 हजार रुपये नगद बरामद करने में पुलिस को सफलता मिली है।

केदारपुर मिशन अस्पताल के पास रहने वाले रितेश कुमार गुप्ता पिता स्व. बंशीधर गुप्ता 40 वर्ष ने थाना कोतवाली में 28 दिसंबर 2023 को रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 23 दिसंबर 2023 को अज्ञात व्यक्ति ने कॉल करके स्वयं को बैंक अधिकारी बताया और क्रेडिट कार्ड का पेनेल्टी ड्यू होने की बात कही। ठग ने मोबाइल ऐप के माध्यम से प्रोसेस कराकर अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल एक लाख 380 रुपये की ठगी कर ली। रिपोर्ट पर कोतवाली में धारा 420 भादवि 66 (डी) आईटी एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन में अभियान साइबर क्लीन अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस ग्रामीण अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के संबंध में साइबर सेल से तकनीकी जानकारी प्राप्त कर देवघर झारखंड के लिए टीम को रवाना किया। यहां पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी मुन्ना कुमार सिंह पिता सुन्दर सिंह 20 वर्ष निवासी ऊपर तीनघारा थाना मोहनपुर जिला देवघर झारखंड से घटना के संबंध में पूछताछ की तो उसने ठगी करना स्वीकार किया। आरोपी के विरुद्ध धारा 41 (ए) सीआरपीसी के प्रावधानों के अनुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में उप निरीक्षक अर्जुन यादव, उप निरीक्षक अभिषेक दुबे, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, आरक्षक सुयश पैकरा, अशोक यादव शामिल रहे।

Categorized in: