अतीत को अलविदा कहकर, आशाजनक नए साल की सुबह को गले लगाने आतुर लोग
अलविदा 2024 में हुआ खूब धूम-धड़ाका, देर रात नव वर्ष 2025 का स्वागत
आज मंदिरों में पूजा-पाठ के साथ करेंगे समाज, परिवार के खुशहाली की कामना
अंबिकापुर। साल 2024 का मंगलवार को आखिरी दिन है। 31 दिसंबर की सुबह कोहरे से भरी और ठंडक लिए रही। दिन में 11 बजे के लगभग सूर्य देवता का लुकाछिपी के बीच दर्शन हुआ, इसके बाद लोगों ने धूप का आनन्द लिया। शाम होते ही जगह-जगह अलविदा 2024 में खूब धूम-धड़ाका हुआ और देर रात नव वर्ष 2025 का स्वागत लोगों ने किया। बुधवार, 01 जनवरी 2025 को लोग सभी धार्मिक स्थलों में लोग पूजा-पाठ, अरदास करके परिवार, समाज, देश-प्रदेश में खुशहाली और अमन, शांति, भाईचारा की भावना बनी रहे, इसके लिए दुआ मांगेंगे।
इसके पहले से वर्ष 2024 की विदाई की तैयारियों के आड़ में पिकनिक स्पॉट पर परिवार या फिर मित्रों की टोलियों के साथ लोग आनन्द लेते रहे। पिकनिक स्पॉट में 25 दिसम्बर से ही लोगों का आना-जाना लगा हुआ है। नव वर्ष में होने वाली युवाओं की धमाचौकड़ी को देखते हुए सपरिवार पिकनिक का आनन्द लेने लोग शहर के संजय पार्क, ऑक्सीजन पार्क, वाटर पार्क, बांकी डैम जैसे अन्य स्थलों पर पहुंच रहे थे। इधर वर्ष 2024 की विदाई बेला और नए वर्ष की पहली को होने वाली भीड़ को देखते हुए शहर के मंदिरों, पार्कों सहित पिकनिक स्पॉट पर भी पुलिस तैनात रहेगी। प्राकृतिक आभा का आनन्द लेने के लिए लोग सरगुजा जिले में स्थित छत्तीसगढ़ के शिमला मैनपाट, घुनघुट्टा, घाघी जैसे स्थलों में भी बहुतायत में पहुंचेंगे। बात करें सरगुजा में पर्यटन स्थलों की तो प्रकृति की खूबसूरत वादियों के बीच कई ऐसे स्थल जगह-जगह मौजूद हैं, जहां लोग विभिन्न अवसरों पर परिवार के साथ समय बिताने के लिए पहुंच जाते हैं। कहीं पहाड़ियों के बीच से कल-कल बहता झरना देखने को मिलता है, तो कहीं नौकायन का परिदृश्य लोगों को मोहित कर रहा है। ऐसे पलों का साक्षी बनने का बहाना लोगों को विशेषकर नव वर्ष के मौके पर कुछ अधिक ही मिलता है। हालांकि कुछ प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट में बीते कुछ वर्षों में बनी अप्रिय स्थिति के कारण शहर वासी ऐसे स्थलों से दूरी भी बनाने लगे हैं। बहरहाल 2024 के सूर्यास्त के साथ लोगों को 2025 के सूर्योदय का इंतजार है। हालांकि बीता वर्ष कई लोगों को खुशी के साथ गम भी दे गया। कई ऐसी घटनाओं से साक्षात्कार हुआ, जिससे लोगों की आंखें नम हो गई। उम्मीद है कि नया वर्ष जिले व प्रदेश वासियों के लिए नई ऊर्जा का प्रतीक होगा, लोग अतीत को अलविदा कहकर आशाजनक नए साल की सुबह को गले लगाएंगे। नया वर्ष आकांक्षाओं और आशावाद से भरा हुआ होगा, ऐसी उम्मीद है।
अनैतिक गतिविधियों, कोलाहल व यातायात व्यवस्था पर 250 पुलिस अधिकारी, सहयोगी रखेंगे नजर
2024 की विदाई और 2025 के स्वागत के बहाने कहीं अप्रिय स्थिति न बने, इसे देखते हुए सरगुजा पुलिस अलर्ट है। पुलिस ने सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के लिए विशेषकर कोलाहल और यातायात नियमों पर जोर दिया है और 250 अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। सरगुजा पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल की ओर से दिए गए दिशानिर्देश के अनुरूप मद्यपान करके वाहन नहीं करने का आग्रह किया गया है। पुलिस द्वारा की जाने वाली चेकिंग के दौरान ऐसे मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट व नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यातायात संकेतों एवं गति सीमाओं का पालन करने कहा गया है। लापरवाही पूर्वक वाहन संचालन, स्टंट प्रदर्शन अथवा तीव्र गति से गाड़ी चलाने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है। वाहनों की पार्किंग निर्धारित स्थलों पर करने कहा गया है, ताकि मार्ग में बाधा की स्थिति न बनने पाए। गलत तरीके से वाहन खड़ा करने पर चालकों को जुर्माना देना होगा। पुलिस के द्वारा तेज ध्वनि उत्पन्न करने वाले साइलेंसर अथवा ध्वनि प्रदूषण उत्पन्न करने वाले संशोधित वाहनों को जब्त कर, चालानी कार्यवाई की जाएगी। पुलिस के द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स, चेकिंग प्वाइंट्स और सुरक्षा उपायों का पालन करने कहा गया है, ताकि सुरक्षित और शांतिपूर्ण नव वर्ष लोग मना सकें। सार्वजनिक स्थल पर अनुचित आचरण, अशिष्टता अथवा दुर्व्यवहार करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निर्धारित समयावधि के उपरांत तेज आवाज में संगीत बजाने अथवा डीजे का उपयोग करने पर ध्वनि प्रदूषण, नियमन एवं नियंत्रण नियमावली 2000 के कार्रवाई करते हुए उपकरण जब्त किए जाएंगे एवं जुर्माना लगाया जाएगा।
आपातकालीन स्थिति के लिए नम्बर जारी
पुलिस अधीक्षक ने आपातकालीन स्थिति में सहायता के लिए डॉयल 112 अथवा 94791-93599 पर संपर्क करने कहा है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए 181 तथा आपात चिकित्सा की स्थिति में 108 नंबर पर डॉयल करके संपर्क कर सकते हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि पुलिस की टीम हर समय सहायता हेतु तत्पर रहेगी। उन्होंने सभी से सुरक्षित, शांतिपूर्ण नववर्ष सुनिश्चित करने का आव्हान किया है और जिले के नागरिकों को नववर्ष की शुभकामनाएं दी है।

Categorized in: