सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों के चंगुल से ग्रामीण को मुक्त किया
अंबिकापुर। अंबिकापुर से एक ग्रामीण को बलपूर्वक ग्राम कांतिप्रकाशपुर ले जाने और निर्माणाधीन एक मकान में पिलर से बांधकर मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है, रिपोर्ट पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।
दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम सोहगा खर्रापारा निवासी जितेन्द्र कूजूर पिता स्व. दिलवेन्द्र कुजूर 30 वर्ष ने कोतवाली थाना अंबिकापुर में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि 29 दिसम्बर को वह अपने गृह ग्राम से स्कूटी में महामाया चौक के पास ग्लैक्सी सैलून में लगभग 01.30 बजे दाढ़ी, बाल कलर करा रहा था। इसी दौरान सोहेल बंगाला, सैफ बंगाला दोनों निवासी रसुलपुर मस्जिद के पास अंबिकापुर, मतलुम आलम निवासी अंबिकापुर, शिव कुमार चैहान पिता स्व. लोहार साय निवासी कांतिप्रकाशपुर के अलावा अन्य 2-3 लड़के आए और इकबाल कांतिप्रकाशपुर में बुला रहा है कहते हुए कार में बैठने के लिए कहा। वह उनके साथ जाने से इन्कार किया और अपने दोस्त अकिल को बुलाकर पीछे से आने की बात कहा। इस पर सोहेल बंगाला बोला कि उसका भाई सैफ तुम्हारे साथ मोटरसायकल में बैठ कर जाएगा और जबरदस्ती सैफ बंगाला मोटरसायकल में पीछे बैठ गया। अन्य युवक अपनी कार में मोटरसायकल के पीछे-पीछे आने लगे। कांतिप्रकाशपुर में पहुंचने पर शिव कुमार चौहान के निमार्णाधीन मकान में पुराने जमीन संबंधी क्रय-विक्रय की बात को लेकर गाली-गलौज और विवाद करते हुए पैसे की मांग करने लगे। गाली-गलौज करने से मना करने पर जान से मारकर फेंक देने की बात कहते हुए हाथ-मुक्का से मारने लगे। आरोपियों ने जितेन्द्र का दोनों मोबाइल छीन लिया और जमीन का पैसा देने के बाद छोड़ने की बात कहते हुए उसे प्रताड़ित करने लगे। इनकी हरकतों को देखकर वह बहाना बनाकर अपने दोस्त अकिल का मोबाइल मांगा और डॉयल 112 को फोन किया। डॉयल 112 में पहुंची पुलिस इन्हें समझाकर चली गई। इनके जाने के बाद सभी मिलकर उसे जबरदस्ती कुर्सी में बैठाकर, रस्सी से निमार्णाधीन मकान के पिलर में बांध दिए और मारपीट करने लगे। इसका विरोध करने पर महिलाओं को सामने कर दिए। यह देखकर अकिल फोन करके पुलिस को इसकी जानकारी दिया। मौके पर पहुंची पुलिस उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाई। जितेन्द्र कुजूर की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 127(2), 296, 3(5), 351(3) का मामला दर्ज कर लिया है।

Categorized in: