पुलिस की फिल्डिंग देखकर भागे आरोपी, एक गिरफ्तार
अंबिकापुर। जमीन दिखाने के बहाने बुलाकर युवक का अपहरण करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, अन्य आरोपी फरार होने में सफल हो गए। आरोपियों ने दो दिन तक आंख में पट्टी बांधकर युवक को जंगल में घुमाया और उसके साथ मारपीट करते रहे। मामला जमीन को लेकर पुराने विवाद से भी जुड़ा है। आरोपी फिरौती में 10 लाख रुपये की मांग कर रहे थे।
गांधीनगर थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि शंकर रवि जगन्नाथपुर का रहने वाला है, वह जमीन खरीद-बिक्री का काम करता है। 25 जून की सुबह 11 बजे एक व्यक्ति जमीन दिखाने के नाम पर शंकर रवि को नमनाकला कॉर्मेल स्कूल के पास बुलाया। इसके बाद वह अपनी कार से कॉर्मेल स्कूल के पास पहुंचा। उक्त व्यक्ति शंकर रवि के ही कार में उसे लक्ष्मीपुर ले गया, इसके बाद उसके आंख में पट्टी बांधकर जशपुर की ओर ले गए। यहां दो दिनों तक जंगल में इधर-उधर घुमाते रहे। इसके बाद वहां बहादुर जायसवाल नामाक व्यक्ति पहुंचा और शंकर रवि को मारपीट करते हुए पुराने मामले की याद दिलाते हुए कहा गया कि 6-7 साल पूर्व जमीन खरीद-बिक्री में 7 करोड़ का वह नुकसान कराया था। इसका भरपाई करना पड़ेगा। आरोपी 10 लाख रुपये फिरौती की मांग कर रहे थे। शंकर की बात उसके परिजन से वीडियो कॉल में भी कराई गई थी। परिजन शंकर रवि के घर नहीं पहुंचने पर गांधीनगर थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराए थे, इसके बाद से पुलिस उसे तलाश रही थी। इधर आरोपी फिरौती की रकम नहीं देने पर जान से मार देने की उसे धमकी दे रहे थे। इसके बाद शंकर रवि ने सूझबूझ से काम लिया और कहा कि जान से मत मारो, मेरे बच्चे हैं। रुपये कोई बड़ी चीज नहीं है, 10 लाख रुपये दिलवाता हूं। इसके बाद आरोपी शंकर रवि की उसके परिजन से मोबाइल पर बात कराए थे। परिजन फिरौती की रकम लेकर आने के लिए कहे, इसके बाद आरोपी उसे सांड़बार के पास लेकर पहुंचे। परिजन के साथ पुलिस भी सिविल ड्रेस में थी, इन्हें पहचानकर अन्य आरोपी भाग गए लेकिन एक आरोपी पुलिस के हाथ लग गया।
शंकर दयाल रवि अंबिकापुर के गांधी चौक से लापता हो गए थे। पुलिस मामले में पतासाजी कर रही थी। आरोपियों का लोकेशन सांडबार मंदिर के पास मिलने पर पुलिस पहुंची तो अन्य आरोपी फरार हो गए, एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ा है और शंकर दयाल को सुरक्षित कब्जे में ले लिया है। पकड़ में आए आरोपी से पूछताछ की जा रही है, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
अमोलक सिंह ढिल्लो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा

Categorized in: