तीन दिन में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर होगी बेदखली की कार्रवाई
अंबिकापुर। वन भूमि पर वर्षों से काबिज लोगों की समस्या एक बार फिर बढ़ गई है। वन विभाग ने इन्हें बेदखली का नोटिस जारी कर तीन दिन के अंदर दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर बेदखली की कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमणकारियों को नोटिस मिलने से हड़कंप की स्थिति बन गई है। बुधवार को काफी संख्या में लोग डीएफओ कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किए। अतिक्रमणकारियों का कहना है कि वे पिछले 40-50 वर्षों से उक्त वन भूमि पर काबिज हैं।
बता दें कि महामाया पहाड़, रनपुरखुर्द चोरकाकछार सहित अन्य वन भूमि पर बड़ी संख्या के कब्जा करके अवैध निर्माण किया गया है। जनवरी माह में वन विभाग द्वारा महामाया पहाड़ से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। वन विभाग व जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने लगभग 30 से 40 घरों पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटवाया था। बधियाचुआं, खैरबार, रनपुरखुद चोरकाकछार सहित अन्य स्थानों पर भी बड़ी संख्या में लोग वन भूमि पर कब्जा कर घर बनाए हैं और निवास कर रहे हैं। इस बीच वनमंडलाधिकारी सरगुजा द्वारा रनपुरखुर्द, चोरकाकछार स्थित वन भूमि पर काबिज लगभग 39 लोगों को नोटिस दिया गया है। डीएफओ द्वारा जारी नोटिस 8 मई को जारी कर वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने की बात कही गई थी, लेकिन किसी ने कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया। इसके बाद 6 जून को पुन: नोटिस देकर तीन दिन का समय देकर दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा गया है। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर बेदखली की कार्रवाई की जाएगी। इधर नोटिस मिलने से क्षुब्ध होकर पहुंचे अतिक्रमणकारियों ने वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पक्षपात करने का आरोप लगाया है।
पक्का मकान बनाते समय कोई रोकने नहीं आया
अतिक्रमण करने वालों का कहना है कि वे 40 वर्ष से अधिक समय से इस जमीन पर काबिज हैं। पूर्व में कच्चा मकान था, उसे तोड़कर पक्का निर्माण कराया गया है। उस समय वन विभाग रोकने नहीं आया। लाइट, बिजली, पानी की सुविधा शासन द्वारा दी जा रही है। इसके बावजूद वन विभाग द्वारा बेदखली की नोटिस जारी किया गया है। अतिक्रमणकारियों ने वन विभाग के कर्मचारियों पर रुपये लेकर कब्जा कराने की भी आरोप लगाया है।
बयान
अंबिकापुर वन परीक्षेत्र के रनपुरखुर्द में अतिक्रमण करके कुछ लोग निवास कर रहे हैं, जिसे जांच में सही पाया गया है। इन्हें 2 जून को नोटिस जारी किया गया है, इसे लेकर अपना पक्ष रखने लोग कार्यालय में आए थे। कुल 39 लोगों को नोटिस जारी किया गया है।
अभिषेक जोगावत, वनमण्डलाधिकारी सरगुजा

Categorized in: