चरमराई व्यवस्था को सुधारने कलेक्टर ने दिखाई सख्ती, कार्रवाई शुरू
अंबिकापुर। शहर के कलेक्टोरेट परिसर में वाहन पार्किंग के लिए स्थल का चिन्हांकन करने के बाद भी कई वाहन चालक बेतरतीब वाहनों को कहीं भी घंटों खड़ा करके अपना काम निपटाते नजर आते हैं। इन वाहनों में यहां कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों की भी कई दोपहिया और चारपहिया वाहनें रहती हैं, जिसे जहां जगह नजर आया, खड़ा करके अपनी ड्यूटी पूरी करने चल दिया। कार्यालयों का भ्रमण और निरीक्षण करने के साथ ही जनदर्शन के दिन बेतरतीब वाहनों की पार्किंग से बनने वाली समस्या की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर विलास भोसकर के निर्देशानुसार, कलेक्ट्रेट परिसर में वाहनों की पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने निर्देश दिए गए हैं, जो 3 जुलाई से प्रभावी हो गया है। गुरूवार को यातायात प्रभारी विजय केवर्त अपनी टीम के साथ कलेक्टोरेट परिसर के अंदर चालानी कार्रवाई करते नजर आए। कई दोपहिया वाहन के चालकों द्वारा की गई अव्यवस्थित पार्किंग का फोटो खींचकर रखा गया है, इनके विरूद्ध ई-चालानी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक कार्यालय की बाउंड्री के बाहर खड़ी चारपहिया वाहनों मेें व्हील लॉक लगा दिया गया, सभी के विरूद्ध चालानी कार्रवाई की गई है।
बता दें कि सरगुजा कलेक्टर विलास भोस्कर ने कलेक्टोरेट परिसर में बेतरतीब तरीके से खड़ी रहने वाली वाहनों को गंभीरता से लिया है। इससे कई बार कलेक्टोरेट में आने-जाने वाले लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर कलेक्टर कार्यालय के प्रवेश गेट से लेकर तहसील कार्यालय तक तो दोपहिया और चारपहिया वाहनों को कहीं भी खड़ा कर देने की परिपाटी सी बन गई थी। ऐसे में कलेक्टर ने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को अपने निजी अथवा शासकीय वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने के लिए निर्देशित किया है। नए एवं पुराने कंपोजिट बिल्डिंग के मध्य में स्थान पूरी तरह से खाली रहेगा। कलेक्ट्रेट मुख्य गेट (गेट नंबर 1) के पास स्थित पार्किंग क्षेत्र, गेट नंबर 1 के बाद जहां स्व-सहायता समूह की महिलाएं प्रवेश जांच करती हैं, वहां से आगे केवल पहचान पत्र दिखाने पर ही वाहन प्रवेश कर सकेंगे, जिन कर्मचारियों के पास पहचान पत्र नहीं होगा, उन्हें अपने वाहन गेट नंबर 1 के पास ही पार्क करना होगा। यदि कोई वाहन गेट नंबर 1 से ई-सेवा केंद्र तक की सड़क पर अनियमित रूप से खड़ा पाया जाता है, तो उस पर यातायात पुलिस द्वारा जुर्माना लगाया जाएगा एवं आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को उपरोक्त निर्देशों का कड़ाई से पालन करने एवं अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को करने के लिए प्रेरित करने कहा गया है। यह व्यवस्था कलेक्ट्रेट परिसर में अनुशासन, सुगमता एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु लागू की गई है, जिसके पालन में यातायात विभाग की ओर से कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
चिन्हांकित स्थलों पर करें नो पार्किंग का नोटिस चस्पा
कलेक्टोरेट परिसर में लम्बे समय से बेतरतीब वाहनों को खड़ा कर देने की परिपाटी पर रोक लगाने के लिए वाहन चालक नो पार्किंग स्थलों पर नोटिस चस्पा करने की जरूरत महसूस कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि दूर-दराज के क्षेत्रों से दोपहिया या अन्य वाहनों में आने वाले लोगों को पता चलना चाहिए कि कहां वाहन को खड़ा करना है और कहां नहीं करना है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाला कलेक्टर सरगुजा के द्वारा वाहन पार्किंग को लेकर जारी किए गए दिशानिर्देश से वाकिफ हो, जरूरी नहीं है। कलेक्टोरेट के अंदर पुलिस अधीक्षक कार्यालय से लेकर सभी जिला कार्यालय मौजूद हैं, ऐसे में लोगों का किसी न किसी काम से यहां आना-जाना लगे रहता है। नो पार्किंग का नोटिस चस्पा रहने के बाद भी अगर कोई वहां अपनी वाहन को खड़ा करता है, तो उस पर कार्रवाई होनी चाहिए।
व्हील लॉक करने से वाहन चालक हुए परेशान
यातायात प्रभारी विजय केवर्त ने बताया कि सरगुजा कलेक्टर के द्वारा व्यवस्थित पार्किंग के लिए दिए गए निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में बेतरतीब तरीके से खड़ा किए गए चारपहिया वाहनों का 300 रुपये का चालान काटा जा रहा है। कई चारपहिया वाहनों को व्हील लॉक लगाकर छोड़ा गया है। वाहन चालक, स्वामी के आने के बाद चालानी कार्रवाई करके व्हील लॉक खोला जाएगा। व्हील लॉक रहने से वाहन मालिकों, चालकों की परेशानी बढ़ गई। वहीं नो पार्किंग में खड़ी कई दोपहिया वाहनों का फोटो खींचकर रखा गया है, इनके विरूद्ध भी चालानी कार्रवाई करने की बात यातायात प्रभारी ने कही है।

Categorized in: