स्कूल संचालक स्वयं वाहन चलाकर ले जा रहा था, घायल बच्चों का चल रहा उपचार
अंबिकापुर/सूरजपुर। बच्चों को स्कूल ले जा रही टाटा मैजिक का चालक तेज रफ्तार में नियंत्रण खो दिया और वाहन संकेतक बोर्ड के खम्भे को टक्कर मारते हुए सड़क के किनारे खेत में पलट गई। वाहन के पलटने से बच्चों की चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना पुलिस थाना प्रेमनगर में दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल बच्चों को अस्पताल भिजवाया। बताया जा रहा है कि वाहन चला रहा व्यक्ति ही स्कूल का संचालक है, जिसकी लापरवाही से वाहन में सवार 18 बच्चों की जान खतरे में पड़ गई। हादसे में कुछ बच्चे जख्मी हुए हैं, जिनका उपचार चिकित्सकों ने टीम के साथ किया।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ग्राम ब्रम्हपुर निवासी कृषक दिनेश कुमार सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराया है कि उसके बच्चे अभिशिक्त ज्ञान उदय शिक्षा मिशन स्कूल अन्नपूर्णा में कक्षा 3री एवं 5वीं में पढ़ाई कर रहे हैं। हर दिन की भांति 3 जुलाई को सुबह 8 बजे उनके दोनों बच्चे अंकित सिंह एवं नितिश सिंह टाटा मैजिक क्रमांक सीजी 29 ई 6435 के चालक सुखराम कुजूर, जो स्वयं स्कुल का संचालक है, के साथ वाहन में सवार होकर स्कूल जाने के लिए निकले थे। वाहन में स्कूल के अन्य बच्चे आल्या दास पिता घरभरन पनिका 13 साल, आकाश कुमार पिता रामप्रकाश पनिका 11 साल, विशाल कुमार पिता रामप्रताप पनिका 9 साल, राहुल सिंह पिता कृपाल सिंह गोंड 9 साल, नितिश कुमार पिता दिनेश कुमार गोंड 12 साल, अंकिता सिंह पिता दिनेश सिंंह 7 साल, निखलेश कुमार पिता देवकुमार अहीर 11 साल, प्रतिज्ञा सिंह पिता रामलाल गोड़ 10 साल, मौसम सिरदार पिता देवसाय 11 साल, जीनियस दास पिता तुलेश्वर दास पनिका 7 साल, राखी सिंह पिता बेला सिंह गोड़ 9 साल, परी सिंह पिता रामलाल गोड़ 9 साल सभी निवासी ग्राम ब्रम्हपुर एवं अन्य 4 सवार थे। ग्राम फुलकोना मुख्य मार्ग में चौरी माता मंदिर के पास मोड़ में वाहन तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर संकेतक बोर्ड के खंभे को ठोकर मारते हुए पलट गई, जिससे वाहन में बैठे बच्चों को मामूली चोटें आई है। घायल बच्चों को एम्बुलेंस एवं प्रायवेट वाहन के माध्यम से सीएचसी प्रेमनगर में लाया गया, यहां घायल बच्चों का इलाज चिकित्सकों ने टीम के साथ किया। घर से हंसी-खुशी स्कूल जाने के लिए निकले बच्चे घटना से सहमे हुए हैं।

Categorized in: