रायपुर। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने छत्तीसगढ़ के सभी शासकीय मेडिकल कॉलेजों को नए सत्र 2025-26 के लिए मान्यता दे दी है। प्रदेश में इस वक्त 10 शासकीय मेडिकल कॉलेज हैं। जिनमें MBBS की करीब 1,430 सीटें है। अब ये कॉलेज इन सीटों पर एडमिशन दे पाएंगे। हालांकि, NMC ने इन सभी कॉलेजों को सशर्त मान्यता दी है। दरअसल, प्रदेश का कोई भी कॉलेज NMC के टेस्टिंग नॉर्म्स और स्टैंडर्ड पर खरा नहीं उतरा है। कई कमियां है। ऐसे में NMC ने कहा कि सभी कॉलेजों की 4 महीने बाद फिर से समीक्षा की जाएगी। अगर दिए गए चार महीनों समस्या नहीं सुधरी, तो NMC इन कॉलेजों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू करेगा। NMC ने हर कॉलेज को उनकी कमियां गिनाई है। उसे दूर करने को कहा है। गौरतलब है कि प्रदेश के पांच निजी कॉलेजों में से एक को भी अब तक मान्यता नहीं मिली है।

किसी कॉलेज में सीट नहीं बढ़ाई गई, सिम्स की 30 सीटें कम हुई
NMC ने 10 में किसी भी शासकीय मेडिकल कॉलेज की सीटों में इजाफा नहीं किया है। हालांकि चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की ओर से कहा गया है कि, किसी मेडिकल कॉलेज ने सीटें बढ़ाने के लिए आवेदन भी नहीं किया था। हालांकि सिम्स बिलासपुर की 30 सीटें घटाई जरूर गई है। रायपुर के पं. जवाहर लाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय की बात करें, तो यहां पिछले सत्र में स्नातक में सीटें 150 से बढ़ाकर 200 की गई थीं। फिलहाल यहां 230 सीट हैं।

निजी मेडिकल कॉलेजों में बढ़ सकती हैं सीटें
हालांकि प्रदेश के दो निजी मेडिकल कॉलेजों ने सीटें बढ़ाने का आवेदन दिया है। NMC का निरीक्षण भी कॉलेजों में पूरा हो चुका है। ऐसे में उम्मीद है कि इन कॉलेजों में सीटें बढ़ सकती हैं। वहीं रिश्वत कांड में फंसे रावतपुरा मेडिकल कॉलेज की मान्यता रद्द होने की चर्चा है। ऐसा होता है तो प्रदेश में मेडिकल की 150 सीटें कम हो जाएंगी। इस समय प्रदेश के पांच मेडिकल कॉलेज में 700 सीटें हैं।

स्टेट कोटे की काउंसलिंग 30 जुलाई से शुरू होगी
ऑल इंडिया कोटे में प्रवेश के लिए दिल्ली से 21 जुलाई से काउंसलिंग शुरू होगी। वहीं, स्टेट कोटे से काउंसलिंग 30 जुलाई से 6 अगस्त तक चलेगी। हालांकि, अभी इस संबंध में छत्तीसगढ़ शिक्षण संचालनालय की ओर से शेड्यूल जारी होना अभी बाकी है। सितंबर में नया सेशन शुरू हो जाएगा। एडमिशन की लास्ट डेट 3 अक्टूबर होगी। इस बार चार राउंड की काउंसलिंग होनी है।

Categorized in: