चोरी की रकम का दारू-बकरा में उपयोग, आदतन बदमाश सहित 2 गिरफ्तार

अंबिकापुर। कोतवाली थाना पुलिस ने चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी की वारदात को पड़ोसियों के द्वारा ही अंजाम दिया गया था। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोना-चांदी के आभूषण व मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, बौरी तालाब काली मंदिर के पास रहने वाली फुलेश्वरी कुजूर पति स्व. महेश्वर कुजूर 20 मई को रात 10 बजे अपने घर में ताला बंद करके अपने पुत्र के साथ जमशेदपुर झारखंड गई थी। 23 मई को सुबह 5.30 बजे झारखंड से वापस आई तो घर के अंदर पूरा सामान बिखरा पड़ा था, और मकान के प्रथम तल में बालकनी के पास दरवाजे का कुण्डी टूटा था। घर का सामान चेक करने पर अलमारी में रखा सोने का एक मंगलसुत्र, नाक का आभूषण, चांदी का पायल 2 सेट, चांदी का सिक्का 1 नग, नगद 8000 रुपये और मोटरसायकल क्रमांक सीजी 15 डीपी 2058 नहीं था। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 331(4),305(ए) बीएनएस पंजीबद्ध करके पुलिस ने विवेचना में लिया था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में आरोपी के तलाश में लगी पुलिस को 24 मई को मुखबिर से पता चला कि प्रार्थिया के पड़ोसी संजय पटेल व अभिषेक चेरवा काफी पैसा रखे हैं और 2-3 दिन से दारू, मुर्गा, बकरा खा-पी रहे हैं। इनके द्वारा आपस में सोना-चांदी को बेचने के लिये ग्राहक की खोजबीन करने जैसी बात की जा रही थी। पुलिस ने संदेही संजय पटेल व अभिषेक चेरवा को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ किया, तो इन्होंने फुलेश्वरी कुजूर के मकान से सोना-चांदी एवं नकद रकम, मोटरसायकल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आदतन बदमाश अभिषेक चेरवा से चोरी गई संपत्ति में सोने का मंगलसूत्र 01 नग, सोने का लॉकेट 02 नग, सोने का टप्स 02 नग, चांदी का पायल 02 जोड़ी, नकद रकम 70 रुपये विधिवत जप्त किया, वहीं संजय पटेल से गौरी मंदिर पुलिस लाइन के पास से चोरी गई मोटरसायकल पैशन प्रो सीजी 15 डीपी 2058 को जप्त किया गया है। पुलिस ने आरोपियों अभिषेक चेरवा 24 वर्ष व संजय पटेल 35 वर्ष, निवासी बौरीबांध काली मंदिर के पास को गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। प्रकरण के निराकरण में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, सउनि देवनारायण यादव, आरक्षक दीपक दास, नितिन सिन्हा, विवेक राय, अमित विश्वकर्मा की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

Categorized in: