सरगुजा प्रेस क्लब व पत्रकार गृह निर्माण समिति के सदस्यों ने की शिकायत, शासकीय भूमि में संचालित फैक्ट्री के जांच की मांग

अंबिकापुर। सरगुजा प्रेस क्लब के सदस्यों ने मंगलवार को जनदर्शन में सरगुजा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए पत्रकार गृह निर्माण समिति के लिए आरक्षित भूमि में तत्कालीन नजूल अधिकारी द्वारा एक निजी भू-माफिया को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से षड्यंत्रपूर्वक हेराफेरी कर प्रस्तावित दो एकड़ 60 डिसमिल जमीन को एक एकड़ चार डिसमिल कर दिए जाने पर विरोध जताया है। कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में भू-माफिया व शासकीय भूमि में संचालित पाइप फैक्ट्री के जांच की मांग की गई है।
सरगुजा प्रेस क्लब व पत्रकार गृह निर्माण समिति का आरोप है भू-माफिया में मिशन चौक स्थित सीमेंट पाइप फैक्ट्री का शासकीय भूमि में अवैध रूप से करोबार कर रहा है। कई एकड़ शासकीय भूमि को अवैध तरीके से पटवारी, आर आई व राजस्व विभाग के बड़े अधिकारियों की मिलीभगत से अपने हिस्से में कराने की फिराक में है, जिसका सरगुजा प्रेस क्लब व पत्रकार गृह निर्माण समिति ने विरोध जताते हुए तत्कालीन नजूल अधिकारी एवं भू माफिया के पाइप फैक्ट्री की भूमि की जांच की मांग की है।

गौरतलब है सरगुजा प्रेस क्लब अंतर्गत पत्रकार गृह निर्माण सहकारी समिति के सदस्य गत आठ वर्षों से प्रशासन एवं शासन से आवासीय भूमि की मांग कर रहे थे। गत वर्ष 2013 एवं 2015-2016 में तत्कालीन कलेक्टर रितु सेन एवं आर.प्रसन्ना ने अंबिकापुर नगर के मिशन चौक स्थित पाइप फैक्ट्री के पीछे तीन एकड़ शासकीय भूमि आरक्षित कराया था। अभी कुछ माह पहले ही सरगुजा प्रेस क्लब व पत्रकार गृह निर्माण सहकारी समिति के सदस्यों ने शहर के चार पटवारी व तीन आरआई के साथ भूमि का नाप-जोख करवा कर मौके पर दो एकड़ 60 डिसमिल जमीन निकलवाया था, इसके बाद उक्त भूमि को अपने नाम आवंटन के लिए नजूल अधिकारी के यहां आवेदन लगाया, जिसमें पहले तो तत्कालीन नजूल अधिकारी ने दावा-आपत्ति तिथि बीतने के बाद एक व्यक्ति का आपत्ति लिया, उसके बाद लगातार चार-पांच पेशी में आपत्ति करने वाले की उपस्थिति नहीं हुई। बावजूद उसकी आपत्ति को खारिज नहीं किया गया, उल्टे पत्रकार गृह निर्माण समिति के लिए प्रस्तावित 2 एकड़ 60 डिसमिल भूमि को एक एकड़ चार डिसमिल करते हुए शासन के पास भेजने की तैयारी थी। इसकी भनक पत्रकार गृह निर्माण समिति के सदस्यों को लगी तो वे मंगलवार को जनदर्शन में पहुंचकर सरगुजा कलेक्टर के समक्ष विरोध जताए एवं ज्ञापन सौंपते हुए तत्कालीन नजूल अधिकारी एवं भू-माफिया के जमीन की जांच की मांग की है।

Categorized in: