मामला-घर में घुसकर किशोरी का वीडियो बनाया और वायरल किया, एक नेपाल बार्डर में दुष्कर्म की हुई शिकार
छ.ग.फ्रंटलाइन
अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस नाबालिग बालिकाओं संबंधी अपराधों को लेकर गंभीर है और गूंज अभियान के तहत लगातार कार्रवाई कर अंतर्राज्यीय व क्षेत्रीय आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज रही है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने नाबालिगों को बहला-फुसला कर भगाने व दुष्कर्म के मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। एक बालिका को पुलिस ने नेपाल बॉर्डर के जिला बलरामपुर उत्तरप्रदेश से बरामद किया। वहीं नाबालिग का वीडियो बनाकर वायरल करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन व स्क्रीन शॉट जप्त किया। एक अन्य कार्रवाई में कोतवाली पुलिस ने दो नाबालिग बालिकाओं को जिला जशपुर एवं बिलासपुर जिला से बरामद किया है। रिश्तेदारों व परिचितों के पास पतासाजी के बाद इनके स्वजनों ने कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस मामले में धारा 363 भादंसं पंजीबद्ध कर विवेचना में ली और पता-तलाश कर इन्हें जशपुर एवं बिलासपुर जिले से बरामद कर स्वजनों के सुपुर्द किया है। संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उपनिरीक्षक रुपेश नारंग, उप निरीक्षक राम नरेश गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक कृष्ण कुमार यादव, शोभा खन्ना, प्रधान आरक्षक अमित प्रताप सिंह, महिला प्रधान आरक्षक वीना रानी तिर्की, शांति लकड़ा, प्रधान आरक्षक सियाराम मरावी, आरक्षक उमेश गुप्ता, शिव राजवाड़े, कुंदन सिंह, रमेश राजवाड़े, प्रदीप सिंह, लालभुवन एवं पुलिस टीम सक्रिय रहे।


वीडियो बनाने वाले युवक से मोबाइल फोन व स्क्रीन शॉट जब्त

कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम परसा निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि मनेंद्रगढ़ निवासी अभिनव द्विवेदी उसके घर में घुसकर उसकी नाबालिग लड़की को बिना बताए वीडियो बनाया और वीडियो को सोशल मीडिया के प्लेटफार्म में शेयर किया है। पुलिस ने रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। पुलिस ने आरोपित अभिनव द्विवेदी पिता आरपी द्विवेदी 35 वर्ष निवासी मनेंद्रगढ़ को गिरफ्तार कर पूछताछ किया तो उसने घटना कारित करना स्वीकार किया। आरोपित से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल व स्कीन शॉट जप्त किया है।


उत्तर प्रदेश में शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म  

नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की रिपोर्ट पर पुलिस ने तीन आरोपितों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। जांच में पुलिस को पता चला कि रामधीरज मौर्य एवं लवकुश कुमार चौरसिया निवासी जिला बलरामपुर उत्तरप्रदेश घटना दिनांक व पहले नाबालिग के संपर्क में थे। पुलिस अधिकारियों ने साइबर सेल से तकनीकि जानकारी प्राप्त कर एक विशेष टीम को जिला बलरामपुर उत्तर प्रदेश भेजा। पुलिस टीम आरोपितों को घेराबंदी कर पकड़ी। पूछताछ में रामधीरज मौर्या एवं लवकुश कुमार ने नाबालिग को अपने रिश्तेदार बाबूलाल मौर्य से शादी कराने का झांसा देकर बहला-फुसलाकर जिला बलरामपुर उत्तर प्रदेश लाना बताया। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने नाबालिग को बाबूलाल मौर्य के कब्जे से बरामद किया। महिला अधिकारी के द्वारा पूछताछ करने पर नाबालिग ने बताया कि आरोपित उसे अपने रिश्तेदार से शादी करने का झांसा देकर बलरामपुर उत्तर प्रदेश लेकर आए और बाबूलाल मौर्य उसे पत्नी बना कर रखने की बात कहकर कई बार शारीरिक संबंध बनाया। पुलिस ने आरोपितों को धारा 363, 366 (क), 376 (2)(ढ) भादवि एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 5(ठ), 6,17 के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा है।


पुलिस अधिकारी टीम का बढ़ा रहे उत्साह
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज राम गोपाल गर्ग के मार्गदर्शन व पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में नाबालिग उत्पीडऩ के मामलों में चलाए गए गूंज अभियान के तहत आरोपितों की लगातार गिरफ्तारी हो रही है। पुलिस अधिकारियों के सख्त निर्देश का परिणाम है कि आरोपितों को अंतर्राज्यीय थाना क्षेत्रों से गिरफ्तार करने में पुलिस सफल हो रही है। विशेष टीम का गठन करने व नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला की अहम भूमिका है। वे आरोपितों की गिरफ्तारी में किसी प्रकार के अवरोध की स्थिति न बनने पाए, इसे देखते हुए सतत मॉनिटरिंग में लगे हैं।  

Categorized in: